गलत उपचार से जवान की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Jul 11 2023

ग्वालियर। पीठ दर्द के उपचार के लिए भर्ती जवान की उपचार के दौरान हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के प्रभा होटल के पीछे शुभम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में गत रात की है। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। 
झांसी निवासी सोनू पाण्डे पुलिस में जवान है और अभी शिवपुरी के करैरा थाने में पदस्थ है कुछ दिनों से उसके कमर में दर्द हो रहा था तो उसने डॉक्टर दिनेश उदेनिया को दिखाया था। डॉक्टर ने उसे देखने के बाद प्रभा होटल के पीछे स्थित शुभम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया था। रात करीब एक बजे सोनू की हालत बिगड़ी और कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। 
जवान की मौत का पता चलते ही परिजनों ने हंगामा कर दिया और डॉक्टरों पर गलत उपचार के आरोप लगाते हुए बताया कि गलत इंजेक्शन लगाने से उसकी नाक व कान से खून निकला और उसकी मौत हुई है। मामले का पता चलते ही झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। करैरा में होगा पीएम 
परिजनों ने ग्वालियर में पीएम कराने से इनकार कर दिया, क्योंकि उन्हें शंका थी कि जिस डॉक्टर का इलाज चल रहा था वह भी ग्वालियर में पदस्थ है, इसलिए जवान का पीएम करैरा में कराया जाए। वहीं मामले का पता चलते ही करैरा थाना प्रभारी अपने बल के साथ आए और मृतक का पीएम करैरा कराने के लिए उसका शव लेकर रवाना हो गए हैं। 
थाना प्रभारी झांसी रोड शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि उपचार के दौरान एक जवान की मौत हुई है। जवान का शव करैरा पुलिस लेकर रवाना हो गई है और जवान का पीएम करैरा में कराया जाएगा। वहीं मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।