रेस्टोरेंट जहां चलाई थी गोलियां, पुलिस ने निकाला जुलूस

Jul 10 2023

ग्वालियर। शनिवार देर रात एक रेस्टारेंट में प्रेमिका के सामने इंसल्ट होने पर एक युवक ने गुंडे बुलाकर रेस्टोरेंट में जमकर उत्पात मचाया था। गुंडों ने कांच तोड़े, गाडिय़ां तोड़ीं और संचालक को निशाना बनाकर कई फायर किए थे। एक गोली रेस्टोरेंट संचालक के कनपटी को छूकर निकली थी। घटना बिरलानगर पुल हजीरा की थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। और पुलिस ने सभी हमलावरों का जुलूस निकाला है। जहां बदमाशों ने गोलियां चलाकर दहशत फैलाई थी वहां हमलावर पैदल-पैदल डरे सहमे निकले। लोग उन पर हंस रहे थे। पुलिस का कहना था कि घटना का सीन रीक्रिएशन और वारदात में उपयोग कट्टे बरामद करने के लिए घटना स्थल पर लेकर गए थे।
आपको बतादें कि हजीरा थाना पुलिस ने यूनिक कैफे एंड फैमिली रेस्टोरेंट में तोडफ़ोड़ कर उत्पात मचाने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सतेन्द्र और उसके साथी विकास उर्फ अमित गुर्जर, पियूष शर्मा, राहुल घुरैया, शत्रुघन लोधी को हिरासत में लिया है। जब पुलिस ने इनसे वारदात में उपयोग कट्टों के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह उनके फरार साथियों पर है। पकड़े बदमाशों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने उनका जुलूस निकाला है। पुलिस उनको थाने से पैदल-पैदल घटना स्थल तक ले गई। जहां कुछ घंटे पहले उन्होंने गोलियां बरसाई थीं वहां वह सिर झुकाकर निकल रहे थे। लोग उन पर हंस रहे थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि वह घटना का सीन रीक्रिएशन करने के लिए उनको घटना स्थल पर ले गए थे। गाड़ी में कुछ खराबी पर पैदल ले जाना पड़ा था।
पकड़े गए बदमाशों के सोशल मीडिया अकाउंट भी पुलिस ने खंगाले हैं। सभी लडक़ों के सोशल मीडिया पर अवैध कट्टे व पिस्टल और रिवाल्वर के साथ फोटो-वीडियो अपलोड मिले हैं। जिसके बाद यह तो यह हो गया कि यह सिर्फ इस घटना तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि लगातार अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वालों के साथ रहे हैं। अब पुलिस इन हथियारों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
शहर के हजीरा में बिरला नगर पुल चंदनपुरा के पास यूनिक कैफे एंड फैमिली रेस्टोरेंट है। रेस्टोरेंट के संचालक हजीरा पीएचई कॉलोनी निवासी शिवम शिवहरे हैं। यह एक फैमिली रेस्टोरेंट है इसलिए इसमें सिर्फ परिवार के साथ ही आने वालों को प्रवेश दिया जाता है। गत शनिवार रात यहां सतेन्द्र गुर्जर नाम का युवक अपनी प्रेमिका व अन्य दोस्तों के साथ प्रेमिका का बर्थडे सेलिब्रेशन करने आया था। जिस कारण संचालक ने उनको एन्ट्री दे दी थी, लेकिन कुछ समय बाद सतेन्द्र व उसके साथी शराब के नशे में हंगामा करने लगे थे। इसका पता चलते ही रेस्टोरेंट संचालक व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा और उन्हें बाहर जाने को बोला। प्रेमिका के सामने बेइज्जती सतेन्द्र को हजम नहीं हुई और सतेन्द्र कुछ देर बाद कुछ गुंडे साथियों के साथ वापस लौटा और रेस्टोरेंट में तोडफ़ोड़ मचा दी। कट्टे हवा में लहराकर गोलियां चलाई थीं। जिसमें रेस्टोरेंट में उस समय मौजूद कई लोगों की जान पर बन आई थी। इस मामले में सतेन्द्र गुर्जर और उसके साथी विकास उर्फ अमित गुर्जर, पियूष शर्मा, राहुल घुरैया, शत्रुघन लोधी व चार अन्य के नाम सामने आए थे।
इस मामले में सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि रेस्टोरेंट में तोडफ़ोड़ व फायरिंग करने वालों को हिरासत में लिया है। इनसे कट्टे बरामद करने और घटना का सीन रीक्रिएशन के लिए घटना स्थल पर लाए थे। पूछताछ जारी है।