बदमाशों ने महिला व्यापारी के घर फायरिंग और पत्थरबाजी की

Jul 09 2023

ग्वालियर। ग्वालियर शहर में बदमाशों में पुलिस का खौफ नहीं है। बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बीती रात ग्वालियर थाना क्षेत्र के जहांगीर कटरा इलाके में रंगदारी वसूलने के लिए बदमाशों ने स्क्रैप महिला व्यापारी के घर पर फायरिंग कर पत्थर भी फेंके।
शहर के जहांगीर काटरा इलाके के स्क्रैप महिला व्यापारी के घर दो बदमाशों ने फायरिंग कर पत्थर फेंके हैं। यह घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीडि़त महिला उर्मिला राठौर की शिकायत पर बदमाश अर्जुन प्रजापति उर्फ छिंगा और उसके साथी गौरव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीडि़ता ने बताया दोनों बदमाश देर शाम उसकी दुकान पर दारू के लिए पैसे मांगने पहुंचे थे, जब महिला ने पैसे देने से मना कर दिया तो देर रात बदमाश घर पहुंच गए।
बदमाशों ने पहले दरवाजा खटखटाया जैसे ही वह बाहर आई। बदमाशों के हाथ में कट्टा और पत्थर देखकर वापस घर के अंदर चली गई। जिसके बाद बदमाश अर्जुन प्रजापति ने कट्टे से फायरिंग की और उसके साथी गौरव ने घर पर पत्थर फेंके। बताया गया कि अर्जुन प्रजापति के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई अपराध दर्ज हैं। वह दो महीने पहले जेल से छूट कर आया है। मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।