ईकोग्रीन कर्मचारी ठेके पर काम करने के लिए तैयार नही हड़ताल से बिगडे शहर के हालात

Jul 09 2023

ग्वालियर। ईकोग्रीन के 485 कर्मचारियों की हड़ताल एक सप्ताह बाद भी खत्म नहीं हुई है। नगर निगम अधिकारियों का इन कर्मचारियों को ठेकेदार के अधीन करने का प्रस्ताव मंजूर नहीं है। 
कर्मचारियों का यह भी कहना है कि वे जिस स्थिति में हैं उसी स्थिति में काम करने को तैयार हैं लेकिन उन्हें कलेक्ट्रेट रेट पर भुगतान किया जाए। इस कारण हड़ताल टूटने में गतिरोध बना हुआ है। निगम अधिकारी अब इस बात पर मंथन कर रहे हैं कि कहां और कैसे एडजस्ट किया जाए।
गत दिवस कर्मचारियों से अपर आयुक्त विजय राज ने मुलाकात कर निगम द्वारा उनकी मांगों को लेकर लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि उनका पीएफ का पैसा उनके खातों में जमा कराया जा रहा है। जब उन्होंने कहा कि निगम उन्हें आउटसोर्स के माध्यम से रखने के लिए तैयार है इससे उनका वेतन भी बढ़ जाएगा लेकिन कर्मचारी इसके लिए तैयार नहीं थे।
उन्होंने कहा कि वे आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में काम नहीं करेंगे।  उन्हें उम्मीद है कि उनकी मांगों पर निगम जल्दी ही निर्णय लेगा। गत दिवस उम्मीद बंधी थी कि निगम के प्रस्ताव के बाद सभी कर्मचारी हड़ताल समाप्त कर देंगे, लेकिन उनके प्रस्ताव के बाद निगम अधिकारियों की परेशानी बढ़ गई है। 
निगमायुक्त हर्ष सिंह का कहना है कि निगम कर्मचारियों की मांगों पर विचार कर रहा है, इसलिए उन्हें शहर में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए अपनी हड़ताल समाप्त करना चाहिए।
फूलबाग पर धरना जारी
ईकोग्रीन कर्मचारियों का फूलबाग पर धरना जारी है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वे आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरु कर देंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से हुई बातचीत के चलते ही उन्होंने अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ नहीं किया था। उन्होंने कहा कि हमारी कोई बड़ी मांग नहीं है फिर भी उनकी मांग को नहीं माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम नियमित करने की मांग भी नहीं कर रहे हैं लेकिन हमारा वेतन तो बढ़ाया जाए, जो तीन साल से नहीं बढ़ा है।