दोस्तों के साथ पार्टी कर किले पहुंचा, टहलते समय पैर फिसलने से नीचे गिरा पुलिस ने बचाई जान

Jul 08 2023

ग्वालियर। दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद युवक टुन्न हुआ तो आधी रात को किले पर जा पहुंचा और टहलते समय पैर फिसलने से नीचे गिर गया। जब युवक नीचे गिरा तो वहां पर गार्ड मौजूद था और युवक को गिरते देखकर तुरंत ही पुलिस को सूचना दे दी। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आधा घंटे की सर्चिंग के बाद उसे तलाश लिया। युवक गंभीर घायल था और उसका काफी खून निकल गया था। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां पर अब उसकी हालत में सुधार है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के भूतेश्वर मंदिर के पास रहने वाला 25 वर्षीय मोनू कुशवाह पुत्र बाबूलाल कुशवाह प्राइवेट जॉब करता है। वह दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था और पार्टी करने के बाद वह घर आया और रात करीब दस बजे घर से टहलने की कहकर निकला और किले पर जा पहुंचा। यहां पर करीब बारह बजे जब गार्डों ने उसे देखा तो घर जाने के लिए बोला, लेकिन उसने कुछ देर बाद जाने की बोलकर वहां पर बैठा रहा।
करीब एक घंटे बाद जब गार्ड राउण्ड करते हुए वापस आया तो मोनू उन्हें किले की बाउण्ड्री के पास दिखाई दिया। वह उसके पास जाने के लिए मुड़ा ही था कि तभी उसका पैर फिसला और वह किले से गिर गया। 
घटना की सूचना पुलिस को दी तो रात्रि गश्त में निकले एसआई लियाकत अली, आरक्षक उदयभान, कृष्णकांत और चालक सैनिक पप्पू मौके पर पहुंचे और आधा घंटे किला तलहटी में तलाश करने पर घायल पड़ा मिला। किले से गिरने के कारण शरीर की कई हड्डियां टूट गईं।  घायल मोनू का खून काफी बहने से उसकी जान पर बन आई। समय रहते पुलिस द्वारा उसे भर्ती कराने पर उसकी जान बच सकी। अगर कुछ देर और वह वहां पर पड़ा रहता तो उसकी जान पर बन आती। फिलहाल अब वह खतरे से बाहर है।