नकली सोना गिरवी रखकर ठगी करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार

Jul 08 2023

ग्वालियर। ग्वालियर शहर में आए दिन शातिर ठगों द्वारा धोखाधड़ी की नई-नई तकनीकों को इजाज किया जा रहा है। इस बीच ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने दो शातिर लोगों को पकड़ा है, जो नकली सोने को असली बताकर सर्राफा कारोबारियों को चूना लगाते थे। पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके कब्जे से नकली सोना भी बरामद किया है। 
मिली जानकारी के अनुसार महाराजपुरा थाना क्षेत्र में एक पिता पुत्र द्वारा नकली सोना गिरवी रखकर सुनार को 2 लाख 65 हजार की चपत लगाई गई। इतना ही नहीं आरोपियों द्वारा दोबारा भी प्रयास किया गया और 70 हजार के जेवरात गिरवी रखने का प्रयास किया गया। लेकिन जब सुनार को दोनों पर शंका हुई तो पिता-पुत्र की जोड़ी फरार हो गई। जिसके बाद मामले की जानकारी ग्वालियर क्राइम ब्रांच को दी गई और संबंधित थाने की पुलिस की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। 
 एडिशनल एसपी राजेश दंडोतिया ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों द्वारा पिछले लंबे समय से इलाके में नकली सोना गिरवी रखकर रुपए लेकर धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है और उनके कब्जे से कुछ नकली सोना भी बरामद किया है। 
इस आधार पर पकड़े गए आरोपियों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है, जिससे इस पूरे गोरखधंधे का खुलासा हो सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इलाके में किन-किन लोगों के साथ इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है।