ईकोग्रीन कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन धरना देंगे

Jul 07 2023

ग्वालियर। ईकोग्रीन कर्मचारियों की हड़ताल को शुक्रवार को पांचवां दिन है। पांच दिन में ये कर्मचारी महापौर, विधायक से मिल चुके हैं, अधिकारियों से चर्चा हो चुकी है, लेकिन अभी तक इन कर्मचारियों के साथ कोई निर्णायक वार्ता नहीं होने से कर्मचारियों ने अब आज शनिवार 7 जुलाई से अनिश्चतकालीन हड़ताल शुरु करने का एलान किया है। 
उधर हड़ताल के चलते घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था ध्वस्त होने से शहर कचराघर होता जा रहा है। शहर में झाडू तो लग रही है और प्रमुख सडक़े साफ भी नजर आ रही हैं, लेकिन गली मोहल्लों में जहां कचरा संग्रहण नहीं हो रहा है वहां कचरा सडक़ों पर नजर आ रहा है।
नगर निगम के अधिकारी ईकोग्रीन के 485 कर्मचारियों के वेतन और उनके भविष्य निधि को जमा कराने को लेकर कोई निर्णय नहीं कर पाए हैं। यही कारण है कि ये कर्मचारी इस बार आर-पार की लड़ाई की मंशा लेकर सडक़ पर आ गए हैं। इन कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें कम से कम कलेक्ट्रेट रेट पर ही भुगतान किया जाए जिससे वे अपना घर तो ठीक तरह से चला सकें। 
कर्मचारियों का कहना था कि तीन साल पहले उनका जो वेतन था आज वे उससे कम पर है। निगम ने उनका वेतन कम कर दिया है वहीं इन कर्मचारियों के ईको ग्रीन के कर्मचारी होने के कारण उनके साथ निगम अधिकारी काम तो ले रहे हैं लेकिन सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें ठेके प्रथा पर नहीं दिया जाए बल्कि निगम उन्हें समाहित करे।