राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु की ग्वालियर यात्रा- तैयारियों को लेकर ट्रिपल आईटीएम प्रबंधन और जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों की हुई बैठक

Jul 07 2023

ग्वालियर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु की प्रस्तावित ग्वालियर यात्रा के दौरान ब्ल्यू बुक के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। साथ ही राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुसार सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस सिलसिले में जिला प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की शुक्रवार को ट्रिपल आईटीएम (अटल बिहारी वाजपेयी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट) के प्रबंधन के साथ अहम बैठक हुई। साथ ही राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल और उनके आगमन व प्रस्थान मार्ग का भी अधिकारियों ने जायजा लिया।  
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु 13 जुलाई को ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगीं। साथ ही ट्रिपल आईटीएम परिसर में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी सम्मिलित होंगीं। 
उप पुलिस महानिरीक्षक श्री पाण्डेय ने बैठक में कहा कि ब्ल्यू बुक के अनुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएँ। इसमें कोई ढि़लाई न हो। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि  राष्ट्रपति के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करें। 
ट्रिपल आईटीएम में आयोजित हुई बैठक में पुलिस मुख्यालय भोपाल से आए उप महानिरीक्षक गुप्त वार्ता सुनील पाण्डेय, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, ट्रिपल आईटीएम के निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह, निगमायुक्त हर्ष सिंह, स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती नीतू माथुर, अपर कलेक्टर एचबी शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।  
ट्रिपल आईटीएम के 283 विद्यार्थियों को उपाधि व 7 को मिलेंगे गोल्ड मेडल
अटल बिहारी वाजपेयी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (एबीवी ट्रिपल आईटीएम) का चौथा दीक्षांत समारोह 13 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। समारोह की शुरुआत दोपहर 3 बजे से होगी। संस्थान के डायरेक्टर प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी। विशिष्ट अतिथि न्यूक्लियर साइंटिस्ट डॉ. अनिल काकोडकर होंगे। इस समारोह में प्रथम बार डॉ अनिल काकोडकर जोकि पद्मश्री, पद्मभूषण एवं पद्मविभूषण से सम्मानित है, उन्हें मानद उपाधि दी जाएगी उन्हें डिग्री ऑफ डॉक्टर ऑफ साइंस से विभूषित किया जाएगा। इसमें बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन दीपक घइसास भी मौजूद रहेंगे। आयोजन का संभावित मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। समारोह दोपहर 3 से शाम 4.20 बजे तक चलेगा। इसमें 283 विद्यार्थियों को उपाधि और 7 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे।