मारपीट का केस दर्ज कराने, कीटनाशक लेकर थाने पहुंची महिला

Jul 07 2023

डबरा। भितरवार थाने में एक महिला अपने पिता व भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कराने पहुंची। महिला अपने साथ कीटनाशक लेकर आई थी। उसने कीटनाशक पीने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे छीनाकर मामला समझा। इसके बाद तत्काल 7 लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
भितरवार के वार्ड नं 11 में रहने वाली महादेवी रावत पत्नी रघुवीर सिंह (35) अपने मायके में खेत देखने अपने ग्राम जनकपुर गई। यहां उसने खेत जुता देखा तो अपने पिता से कहा कि आपने मेरे खेत को क्यों जोता। इसे आप मेरे नाम भी नहीं कर रहे हैं, उसके पिता प्रताप सिंह चिल्लाने लगे, तब तक उसके भाई रुद्र सिंह, महीप सिंह, बालेन्द्र आ गए। पिता के साथ मिलकर उसको गालियां देने लगे। महिला ने गालियां देने से मना किया तो चारों मारने के लिए दौड़े। इस पर महिला भागी, थोड़ी दूर नवल सिंह, लीलावती, सुरेश ने रास्ता रोक लिया और जान से मारने की धमकी देकर मारपीट कर दी।
महिला थाने पहुंची और केस दर्ज कराने के लिए हंगामा करने लगी। जब पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज नहीं की तो वह कीटनाशक लेकर आई और पीने का प्रयास किया। उसे पुलिस ने छीन लिया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल महिला के पिता, भाइयों सहित सात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया।
महादेवी का कहना था की पिता की संपत्ति में बहन-भाई का बराबर का अधिकार है। पिताजी मेरे हिस्से की जमीन अपने बेटों के नाम रजिस्ट्री कर रहे हैं। उनको रोकने गई तो पिता और भाइयों ने मारपीट कर दी। इसकी रिपोर्ट कराने के लिए मैं थाने पर आई तो थाने वालों ने मेरी सुनवाई नहीं की। इसलिए मैंने कीटनाशक पीने की कोशिश की। जमीन की रजिस्ट्री रोकने के लिए भितरवार एसडीएम और तहसीलदार को भी अवगत करा चुकी हूं।