मदाखलत अमला ठेला हटाने आया तो सब्जी बिक्रेताओं ने विरोध में जाम लगाने का किया प्रयास

Jul 07 2023

ग्वालियर। अचलेश्वर रोड पर रोड के दोनों ओर लगने वाली अघोषित सब्जी मंडी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया जब अचानक से नगर निगम का मदाखलत अमला आया रोड को बाधित कर रहे सब्जी बिक्रेताओं को हटाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच सभी सब्जी बिक्रेताओं ने एक राय होकर न सिर्फ मतदाखलत अमले का विरोध किया बल्कि विरोध स्वरूप जाम आदि लगाने का भी प्रयास किया। 
सनद रहे कि अचलेश्वर मार्ग पर सुबह के समय सडक़ के दौनों तरफ सब्जी बिक्रेताओं का कब्जा हो जाता है और इससे सडक़ बाधित हो जाती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नगर निगम का मदाखलत अमला  शुक्रवार सुबह-सुबह अचलेश्वर रोड पर पहुंच गया। अमले को देखकर सब्जी बिक्रेताओं ने अमले का विरोध शुरू कर दिया और कार्रवाई न करने की बात कही जब अमले ने एक न सुनी तो सभी सब्जी बिक्रेताओं ने एक राय होकर विरोध प्रदर्शन किया और जाम लगाने का प्रयास किया। 
यहां यह बताना भी जरूरी है कि लॉकडाउन के समय जिला प्रशासन ने लोगों की परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए कुछ स्थानों पर अस्थाई रूप से सब्जी मंडी शुरू की थीं। ताकि लोगों को सब्जी आदि की खरीददारी के लिए दूर-दूर न जाना पड़े। 
आज लॉकडाउन को समाप्त हुए काफी लंबा समय हो गया पर इन अस्थाई सब्जी मंडियों को नहीं हटाया गया जिसके कारण शहर में कई स्थानों पर आज भी इस प्रकार की अस्थाई सब्जी मंडियां संचालित हैं। इन मंडियों के कारण सुबह-सबह निकलने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब जबकि स्कूल खुल गए और सुबह-सुबह स्कूली वाहन व निजी वाहनों से बच्चे आते हैं उन्हें सडक़ के किनारे दोनों ओर लगी सजी की दुकानें और ठेलों से परेशानी का सामना करना पड़ता है।