प्रदेश की जनता कांग्रेस को रिकॉर्ड जीत दिलाकर इतिहास बनाएगी:अजय सिंह

Jun 30 2023

ग्वालियर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को साधने में जुट गई है। दो दिन के ग्वालियर दौरे पर आए पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने लगातार कार्यकर्ताओं की बैठकें लेकर उन्हें बूस्टअप किया। शुक्रवार को ग्वालियर दक्षिण और ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए अजय सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता कांग्रेस को रिकॉर्ड जीत दिलाकर इतिहास बनाएगी। ग्वालियर में हम सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
अजय सिंह ने शुक्रवार को ग्वालियर दक्षिण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की हरेशिव गार्डन में बैठक ली। इस अवसर पर ग्वालियर के प्रभारी महेन्द्र सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष डॉ.देवेन्द्र शर्मा, विधायक प्रवीण पाठक सहित जिले के पदाधिकारी, मण्डलम, सेक्टर प्रभारी एवं अध्यक्ष तथा सदस्यों के अलावा बीएलए उपस्थित थे। ग्वालियर दक्षिण के सभी 279 बूथ के प्रभारी भी बैठक में उपस्थित थे। 
अजय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कर्नाटक के बाद मध्यप्रदेश की बारी है। जनता यह नहीं भूली है कि किस तरह कांग्रेस के साथ धोखा हुआ था और जनता के जनादेश का अपमान किया गया था। जनता इस अपमान का बदला वोट के रूप में देगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव तक हमें बैठना नहीं है। हम लगातार प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार को जनता को बताएं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार में महाकाल लोक को भी नहीं छोड़ा, हर आदमी भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई से परेशान है। बैठक का समापन भोज के साथ हुआ।
ग्वालियर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक पटेल बारात घर सागरताल रोड पर अजय सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुई। इस अवसर पर प्रदेश के सभी पदाधिकारी, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षदगण, मंडल सेक्टर, बीएलए सहित सभी विभागों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे। बैठक दोपहर दो बजे शुरु हुई। गत दिवस उन्होंने शहर एवं ग्वालियर की प्रबंध कारिणी की एवं ग्रामीण के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसजनों की बैठक ली थी। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से चर्चा की एवं उनकी बातें भी सुनीं।