गुरुपूर्णिमा के चलते जो साधन मिल रहा उसी में लटक रहे श्रद्धालु

Jun 30 2023

ग्वालियर। गुरुपूर्णिमा पर गिर्राज जी की परिक्रमा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रेलवे स्टेशन पर नजर आने लगी है। 3 जुलाई को गुरुपूर्णिमा है, लेकिन एकादशी से ही लोगों ने परिक्रमा देने जाना शुरू कर दिया है, जिससे ट्रेनों में जाने वालों की भीड़ बढ़ गई है और भीड़ के कारण ट्रेनों में जगह नहीं मिल रही है। इस कारण अन्य यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। मथुरा की तरफ रिजर्वेशन कराकर यात्रा करने वाले यात्रियों को बैठने के लिए भी जगह नहीं मिल रही है।
जत्थों में आ रहे लोग गिर्राजजी के जयकारे लगाते हुए ट्रेनों में चढ़ जाते हैं। मथुरा जाने वाली ट्रेनों में यह भीड़ देखी जा सकती है। ट्रेनों में भीड़ होने के कारण लोग कार और बसों से जा रहे हैं। जो लोग सुबह पांच बजे यहां से निकलते हैं वे दस बजे तक मथुरा पहुंच जाते हैं और दोपहर 11 से 12 बजे के बीच उनकी परिक्रमा शुरू हो जाती है, लेकिन भीड़ अधिक होने से वाहनों को तीन-चार किलोमीटर पहले ही रोका जा रहा है। इस कारण उनकी परिक्रमा दोपहर दो से तीन बजे शुरु होकर रात को दस से ग्यारह बजे तक पूरी हो रही है। 
गुरुपूर्णिमा के कारण वे ही लोग वहां रूक पा रहे हैं जो पहले से अपनी बुकिंग करा चुकी है, अन्य लोगों को तो परिक्रमा पूरी करने के बाद लौटना पड़ रहा है। अधिकांश लोग परिक्रमा पूरी कर लौट कर आ रहे हैं। भीड़ के कारण बसें भी फुल चल रही हैं।
गोवर्धन परिक्रमा के चलते ट्रेनों के साथ ही बसों में काफी भीड़ चल रही है और यहां से जाने वाली हर बस सवारियों से ठसाठस भरकर जा रही है। हालत यह है कि गैलरी में खड़े होने के लिए जगह नहीं मिल रही है। 
बसों और ट्रेन के साथ ही यहां से चलने वाली प्राइवेट टैक्सियों के दाम भी मथुरा के लिए बढ़ा दिए हैं पहले जहां पांच से साढ़े पांच हजार रुपए लगते थे अब गोवर्धन जाने के लिए छह से साढ़े छह हजार रुपए ले रहे हैं। 
मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा और गुरुपूर्णिमा मेला के अवसर पर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने, कुछ ट्रेनों का विस्तार करने का ऐलान किया है। रेलवे ने स्पेशल ट्रेन शुरू की है और कुछ ट्रेनों को मथुरा तक बढ़ाया है।