हमारी पहचान निरंतर विकास और गरीब कल्याण - शेजवलकर

Jun 30 2023

ग्वालियर। पिछले 9 वर्षों से देश में एक निर्णायक और लोक कल्याणकारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार के कारण आज जब भारत के भीतर से लेकर विश्व पटल पर देश की समृद्धि, सशक्तिकरण, समरसता, सुशासन और संस्कारों का डंका बज रहा है, तब प्रधानमंत्री इच्छा के अनुरूप मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने भी अपने प्रदेश को हर मोर्चे पर अव्वल बनाने के लिए भरसक प्रयत्न किए हैं। हमारी पहचान निरंतर विकास और गरीब कल्याण है। यह बात सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने मोदी के नेतृत्व में गौरवशाली 9 वर्ष पूर्ण होने पर वार्ड 52 में घर-घर में जनसंपर्क कर भाजपा के लिए जनसमर्थन जुटाते हुए कहीं। 
शेजवलकर ने कहा प्रधानमंत्री मोदी की अनुकंपा से आज प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए भारत सरकार ने खजाने के द्वार खोल रखे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अधोसंरचना विकास, गरीब कल्याण और सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दिशा में मध्यप्रदेश आज गौरव के बिन्दु पर स्थापित है। हमारी केन्द्र और राज्य सरकारों के प्रयास हैं कि मध्यप्रदेश का कोई भी नागरिक सम्मान, संसाधन और सुशासन से वंचित नहीं रहना चाहिए। 
पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने कहा महिलाओं और बहनों को आर्थिक व सामाजिक समरसता के रूप में सशक्त बनाने के लिए शिवराज सरकार ने लाडली बहना योजना शुरू की है। जिसके तहत बहनों को प्रतिमाह 1 हजार रूपये देने का क्रांतिकारी निर्णय लिया गया है। बेटियां अब वरदान बन चुकी है। नारी शक्ति आसमान छू रही है। 
वार्ड 52 प्रत्याशी प्रतिनिधि शुभम चौधरी ने कहा कांग्रेस की सरकार के समय 2002-3 में मध्यप्रदेश का बजट 23 हजार 161 करोड रुपए होता था। अब वर्ष 2023-24 में यह बढक़र 3 लाख 14 हजार 25 करोड हो गया है। भाजपा की सरकार में समृद्धि के नए द्वार खुल रहे हैं। प्रदेश में निवेश और रोजगार बड़ा है। मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना का शुभारंभ किया गया है। युवाओं को रोजगार के लिए कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्हें 8-10 हजार स्टाइपेंड मिल रहा है। 
इस अवसर पर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, अनिल चौधरी, शुभम चौधरी, शैलेंद्र तोमर, अंशुल गोस्वामी सहित वार्ड 52 के सभी 27 बूथों के अध्यक्ष, वार्ड के सभी ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकता व पार्टी समर्थक उपस्थित रहे।