दो छात्रों के साथ 12 लोगों ने करी मारपीट, घायल ग्वालियर रेफर

Jun 29 2023

ग्वालियर। डबरा के ग्राम कंचनपुर में कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे दो छात्रों के साथ 12 से अधिक लोगों ने जमकर मारपीट की। साथ ही हवाई फायर भी किए। इस मामले में एक युवक गंभीर घायल है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर भेजा गया। घटना डबरा देहात थाना क्षेत्र की है।
बता दें कि ग्राम कंचनपुर में किसी कार्यक्रम में शामिल होने आए 2 छात्र राज पिता बेताल सिंह गुर्जर और राहुल पिता दलबीर सिंह गुर्जर झाडोली और धिरोरा निवासी हैं। वह अपने घर बाइक पर सवार होकर वापस जा रहे थे। तभी गंगाबाग के पास कुछ युवकों ने अपनी गाडिय़ां लगा दी और उन्हें रोक लिया। हमलावर एक दर्जन से अधिक बताए जा रहे हैं। सभी ने लाठी-डंडों से युवकों की जमकर मारपीट की।
हथियारों से फायरिंग भी की। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को लेकर डबरा सिविल अस्पताल पहुंची। जहां राज की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर भेजा गया। हमलावर कौन है? यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।