भाई बहन को कार चलाना सिखा रहा था अचानक लगी आग, बची जान

Jun 27 2023

ग्वालियर। जीवाजी यूनिवर्सिटी में मंगलवार सुबह 11 बजे के समय एक कार में अचानक आग लग गई। आग लगने से पहले तेज विस्फोट हुआ था। यह कार लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर की बताई गई है। घटना के समय में उनका बेटा, उनकी बेटी को गाड़ी चलाना सिखा रहा था।
आग लगते ही आसपास खड़े लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और बहन-भाई को सुरक्षित निकाल लिया। इसी समय सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। हादसे में किसी को भी चोट नहीं लगी है।
मंगलवार सुबह 11 बजे एक मारुती रिट्स कार नंबर एमपी07 सीबी-2903 में सवार एक लडक़ा और लडक़ी कार चलाना सीख रहे थे। लडक़ा अपनी बहन को कार चलाना जब सिखा रहा था तो वहां वॉकिंग कर रहे लोगों ने उनको मैदान में जाने के लिए कहा था। अभी कार सीखते हुए बहन-भाई सेन्ट्रल लाइब्रेरी के पीछे पहुंचे थे तभी तेज धमकाने की आवाज आई। वहां सैर कर रहे लोगों को लगा कि अंदर ट्रांसफार्मर में विस्फोट हुआ है। पर जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रांसफार्मर में नहीं बल्कि कार में ब्लास्ट हुआ था। तत्काल लोगों ने मदद कर जल रही कार से बहन-भाई को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही दमकल दस्ते को सूचना दे दी। फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर वॉटर फायरिंग कर काबू पाया।
हादसे के बाद पड़ताल में पता लगा कि कार में सवार लडक़ा रोनित यादव निवासी बिरला नगर हजीरा है। वह अपनी बहन को कार चलाना सिखा रहा था। उनके पिता कमल किशोर यादव लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं। हादसे के समय उनके कुछ विभागीय दस्तावेज भी कार में थे, जिन्हें रोनित ने समय रहते निकाल लिया था।
इस पर दमकल दस्ते के कर्मचारियों ने बताया कि गाड़ी के हीट पकडऩे के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। पहले विस्फोट के साथ चिंगारी निकली और तेजी से पूरी कार में आग फेल गई। घटना की जांच की जा रही है। किस्मत से हादसे में किसी की जान नहीं गई है।