मंगलवार सुबह हुई रिमझिम बारिश, पिकनिक पर गए शहरवासी

Jun 27 2023

ग्वालियर। 25 जून को मानसून आने की औपचारिक घोषणा के दो दिन बाद मंगलवार 27 जून की सुबह बारिश के साथ हुई है। सुबह 7 बजे के बाद अचानक आसमान में मंडरा रहे बादल शहर पर मेहरबान हुए और बारिश हुई। मंगलवार को बाजारों में व्यवसायिक अवकाश होने के चलते शहर के लोग पिकनिक के मूड में नजर आए। पिकनिक स्पॉट्स पर चहल पहल भी बढ़ी। मानसूनी बारिश से लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है।
ग्वालियर सहित अंचल के आसपास के शहरों में मंगलवार को मौसम एक बार फिर से बदल गया है। ग्वालियर के आसमान में बादल तो सोमवार रात से ही मंडरा रहे थे, लेकिन बरसे मंगलवार सुबह है। सुबह गहरे बादल आसमान में थे जो 7 बजे से बारिश में बदल गए। रिमझिम फुहारों ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया है। शहर के लोगों को तो गर्मी से राहत रही है ऊपर मंगलवार को व्यवसायिक अवकाश और स्कूलों में छुट्टी के चलते शहर के आसपास पर्यटन स्थलों पर सुबह से ही चहल पहल दिखने लगी है।
25 जून को आया था मानसून
ग्वालियर अंचल में 25 जून को मानसून ने दस्तक दी थी और मौसम विभाग ने मानसून आने की घोषणा की थी, लेकिन उसके बाद बारिश की एक बूंद नहीं गिरी। लोगों को लग रहा था कि ऐसा कैसा मानसून आया है। पर मंगलवार सुबह शहर के लोगों की उम्मीद के साथ रिमझिम बारिश ने सभी आशंकाएं खत्म कर दी हैं।
मौसम विभाग द्वारा अगले दो से तीन दिन तक हल्की और तेज बारिश होने की संभावनाएं व्यक्त की है। मौसम विभाग की माने तो अभी ग्वालियर के आसपास नमी का दबाव बना हुआ है। जिस कारण बारिश हो सकती है।