युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिन्ता का विषय - सुशील बरुआ

Jun 26 2023

ग्वालियर। सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा अन्तराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर नशामुक्ति विषय पर सेमीनार का आयोजन डीएव्ही स्कूल नया बाजार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में मप्रजन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक सुशील बरूआ थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में हरिदर्शन विद्यालय की एनसीसी नेवल विंग की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर ऋतु भार्गव,डीए वी से एएनओ विद्या कुशवाह, वक्ता के रुप में समाजसेवी हरिओम गौतम विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य गोपेन्द्र श्रीवास्तव ने की।
कार्यक्रम के शुभारंभ में ऋतु भार्गव ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुये कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, नशा व्यक्ति को शारीरिक, आर्थिक तथा मानसिक तीनों रूप से खत्म कर देता है, इसलिए हम सभी को नशे से दूर रहना चाहिए। 
 मुख्य अतिथि सुशील बरुआ ने कहा कि नशा, नाश की जड़ है। नशा व्यक्ति के साथ-साथ समाज को भी दूषित करता है। उन्होने रमन शिक्षा समिति द्वारा नशामुक्ति के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यो की सराहना की। उन्होने युवाओं में फैल रही नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जाहिर की उन्होने कहा कि युवा कल के देश का भविष्य है इसलिए युवाओं को हमें नशे से दूर करना होगा।
रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने ग्वालियर जिले में नशामुक्ति हेतु चलायी जा रही गतिविधियों की जानकारी विस्तारपूर्वक उपस्थित लोगों को दी, उन्होंनें कहा कि इस प्रकार कार्यक्रमों का उदेश्य समाज के सभी वर्गो में बढती हुई नशा सेवन की प्रवृत्ति की रोकथाम एवं नशीले पदार्थो के दुष्परिणामों से अवगत कराना है, ताकि मादक द्रव्य एवं मादक पदार्थो के सेवन की बढती प्रवृत्ति से युवा पीढी को बचाया जा सके। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्राचार्य गोपेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि नशा समाज को खोलखा बना रह है। तम्बाखू, सिगरेट शराब के कारण शरीर में कई जानलेवा बीमारियॉ पैदा हो जाती है। नशे की वजह से कैंसर जैसी घातक बीमारी होती है जो लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। 
कार्यक्रम के अंत में सुशील बरुआ ने उपस्थित लोगों को जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुये विद्या कुशवाह ने कहा कि जन जागरण के माध्यम से हम युवा पीढ़ी को नशे के दल-दल में जाने से रोक सकते हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स तथा विद्यालय के छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।