अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर मानसिक आरोग्यशाला में साक्षरता शिविर आयोजित हुआ

Jun 26 2023

ग्वालियर। अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मानसिक आरोग्यशाला में विधिक साक्षरता शिविर लगाया गया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पीसी गुप्ता के निर्देशन व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गालिब रसूल के मार्गदर्शन में लगाए गए इस शिविर में नशे के दुष्परिणाम और पीडि़तों को उपलब्ध कराए जाने वाले विधिक सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। 
जिला विधिक सहायता अधिकारी दीपक शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस का महत्व एवं नालसा नशा पीडि़तों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 के बारे में जानकारी प्रदान की। 
कार्यक्रम में मानसिक आरोग्य शाला के संचालक डॉ. संजय लहारिया ने नशा की लत के कारण होने वाले दुष्प्रभाव, नशा पीडि़तों के पुनर्वास के संबंध में किये जाने वाले उपाय एवं नशा के दुष्प्रभावों के संबध में जन जागरूकता की आवश्यकता आदि पर विस्तृत प्रकाश डाला।  
कार्यक्रम में विश्व नशा निरोधक दिवस 2023 की थीम पर प्रकाश डालते हुये डॉ. साक्षी ने बताया कि विश्व नशा निरोधक दिवस की इस वर्ष की थीम के परिप्रेक्ष्य में कहा नशा एक जटिल समस्या है जो दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रभावित करती है। नशीली दवाओं का उपयोग करने वाले बहुत से लोग तमाम दुष्परिणामों के साथ-साथ भेदभाव का भी सामना करते हैं, जो उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को और नुकसान पहुंचा सकता है। 
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता सुश्री शिल्पा डोगरा, डॉ. अमन किशोर, डॉ. एसबी जोशी, डॉ. रंजीत, डॉ. दीप्ती, डॉ. सुनील कुशवाह, डॉ. गेनुका गर्ग, डॉ. शोभा राम यादव, डॉ. शोभा राम शर्मा, पीएलव्ही वासुदेव मिश्रा, विधिक सेवा प्राधिकरण से सचिन कुमार प्रजापति, विक्रम बहादुर सिंह सहित पीजी कर रहे चिकित्सकगण उपस्थित रहे।