कई विदेशी भाषाएं जानने वाले गाइड कालू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Jun 26 2023

ग्वालियर। कभी स्कूल की चौखट नहीं चढ़ा, कभी किसी शिक्षक से हिंदी तक की क्लास नहीं ली... लेकिन जानकार था अंग्रेजी सहित 8 विदेशी भाषाओं का। उसे देखकर विदेशी भी हैरान रह जाते थे। किले जाने वाला शख्स उसे जानता था, उसे देखकर दांतों तले अंगुलियां दबा लेता था। सोमवार सुबह जब उसकी लाश किला तलहटी में मिली तो हर कोई उसकी मौत की खबर से अचंभित था। 
इतने टैलेंटेड युवक ने खुदकुशी क्यों की। फिलहाल पुलिस भी इसे लेकर पशोपेश की स्थिति में है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। उसकी मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए प्रयास कर रही है। इस घटना पर कालू के परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। कुछ लोकल गाइड द्वारा परेशान करने की बात कही है। पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या की आशंका जताई है।
सोमवार सुबह किला तलहटी के नूरगंज इलाके में पहुंचे लोगों को एक युवक की लाश पड़ी दिखाई दी। लाश देखते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि लाश मशहूर गाइड 24 वर्षीय कालू जॉन उर्फ अभिषेक पुत्र राजू जॉन निवासी किला बहोड़ापुर की है। इसका पता चलते ही कालू के परिजन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन भी वहां पर आ पहुुंचे और शव की शिनाख्त कालू के रूप में की।
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अफसरों को सूचना दी। सूचना मिलते ही अफसर भी मौके पर पहुंचे और जांच के बाद मर्ग कायम कर लाश को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
बहोड़ापुर इलाके में रहने वाला कालू नाम का युवक बचपन से ग्वालियर किले पर जा रहा था। यहां आने वाले विदेशी पर्यटक और उनके साथ बाहर से आने वाले टूरिस्ट गाइड के संपर्क में वह रहता था। इसके चलते उसे टूरिस्ट गाइड का काम अच्छा लगने लगा, देखते ही देखते वह अंग्रेजी सहित करीब 8 विदेशी भाषाएं बोलने लगा। देश के अलग-अलग राज्यों सहित विदेशों से आने वाले पर्यटकों को वह किला घुमाता था। उसकी रोजी-रोटी चलने लगी। 8 भाषाओं का जानकार होने की वजह से उसे ग्वालियर में प्रसिद्धि भी मिल गई थी।
पुलिस जांच में पता चला है कि दो साल से कालू को स्मैक सहित अन्य तरह के सूखे नशे की लत लग गई थी और शाम होते ही किले पर नशेडिय़ों के साथ रहता था। नशे की गिरफ्त में वह कोरोना काल के बाद आया था। कोविड के चलते करीब दो साल तक ग्वालियर किले पर देशी-विदेशी पर्यटक काफी कम आए थे। उस दौरान आर्थिक तंगी के चलते उसके कदम नशे की ओर चल पड़े थे। पुलिस को आशंका है कि नशे के चलते ही उसने किले से कूदकर जान दी है।
पुलिस अफसरों का कहना है कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच में पता चलेगा कि कालू ने सुसाइड किया है या फिर उसके साथ कोई घटना घटित हुई है। हो सकता है कि नशे के किसी झगड़े में उसे फेंक दिया गया हो। किसी भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकत है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक कालू के भाई नॉरवर जॉन ने पवन व अनिल नाम के दो लोकल गाइड पर कालू को परेशान करने का आरोप लगाया है। उसका कहना था कि शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक वह घर पर ही था। दोनो भाई मां के साथ रहता थे। रात 11 बजे के बाद उसका पता नहीं चला है। रात 3.30 बजे तक परिजन ने उसकी तलाश की है, लेकिन सोमवार सुबह पुलिस पहुंची और कालू की बॉडी मिलने की बात बताई। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। परिजन का कहना है कि कालू आतमहत्या करने वालों में से नहीं था। उससे लोग वहां टशन रखते थे।
कालू के बारे में बताया गया है वह कभी स्कूल नहीं गया लेकिन अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पेनिश, जर्मन, इटालियन, चाइनीज, जापानी भाषा बोल लेता था।
इस मामले में ग्वालियर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह का कहना है कि एक युवक ने किले से कूदकर जान दी है। जिसकी पहचान कालू गाइड के रूप में हुई है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।