मोहना पुलिस ने 3 चोर पकडक़र मंदिरों में हुई चोरी की 5 वारदातों का किया खुलासा

Jun 21 2023

ग्वालियर। एसपी राजेश सिंह चन्देल द्वारा ग्वालियर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाकर चोरों को पकडऩे हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में एएसपी जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में थाना मोहना पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीओपी घाटीगांव संतोष कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहना कुलदीप वर्गे द्वारा थाना क्षेत्र में हुई चोरी व नकबजनी की घटनाओं का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु लगाया गया। गत रात थाना मोहना पुलिस द्वारा एथेनी स्कूल मोहना पर वाहन चेकिंग की जा रही थी तभी एक मोटर सायकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उनके द्वारा मोटर साइकिल को लेकर भागने का प्रयास किया गया। चेकिंग कर रही पुलिस टीम द्वारा मोटर साइकिल सवार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये संदिग्धों से नाम पता पूछने पर एक ने सिंकदर कम्पू हनुमान बांध थाना गिरवाई ग्वालियर, दूसरे ने नाका चन्द्रवदनी मुडिया पहाड़ गली नं 4 थाना झांसी रोड, तीसरे ने ग्राम कल्याणी थाना आंतरी जिला ग्वालियर का रहने वाला बताया। 
पकड़े गये संदिग्धों से मोटर सायकिल के कागजात मांगे तो उनके द्वारा पेश नही किये और पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ करने पर मोटर सायकिल को दाल बाजार ग्वालियर से चोरी करना बताया एवं संदिग्धों के पास मिली एक लाल रंग की प्लास्टिक की किरेट को चेक करने पर उसमें एक कटर, शंशी, प्लास मिले, इनके रखने के बारे मे पूछा तो उन्होने 17 जून को वैष्णोदेवी माता मंदिर से घंटों की चोरी करना स्वीकार तथा अन्य थाना क्षेत्रों थाना विलौआ से 2 मंदिरो की बारदातें एवं थाना करहिया के 2 मंदिर की बारदातें में पीतल के घण्टे चुराना बताया है। 
पकड़े गये आरोपियों से चोरी की कुल 5 वारदातों का खुलासा किया गया। पकड़े गये चोरों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगभग ढेड़ दर्जन स्थानों पर चोरी की बारदात की गई है जिनके संबंध में तस्दीक की जा रही है। पकड़े गये शातिर चोरों ने पूछताछ में बताया कि उनका एक साथी और है, जो हम लोगों के साथ चोरी की बारदातों में शामिल रहता है। पकड़े गये शातिर चोरों के साथी की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है उसके मिलने पर चोरी की अन्य बारदातों का खुलासा होने की संभावना है।