9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किला स्थित80 खंभा बावड़ी में कलेक्टर, निगमायुक्त के अलावा शहर के लोगों ने किया योगा

Jun 21 2023

ग्वालियर। बुधवार सुबह 9वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सामूहिक योग कार्यक्रम ऐतिहासिक दुर्ग स्थित 80 खंभा बावड़ी परिसर में किया गया। मुगल शासन में यह मुगल कालीन जेल हुआ करती थी। सिखों के छटवें गुरु हरगोविंद सिंह को मुगलों ने यहीं कैद किया था। 80 खंभा परिसर में सैकड़ों स्कूल छात्र छात्राएं, सामान्य नागरिक व प्रशासनिक अफसरों ने सामूहिक योग किया।
प्रशासन के सामूहिक योग कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि नदारद रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित अन्य योग शिविर व कार्यक्रम में भाग लिया है। चुनावी साल होने का असर सामूहिक योगा कार्यक्रम पर भी देखने को मिला है।
ऐतिहासिक दुर्ग के 80 खंभा बावड़ी परिसर में बुधवार सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच योगा एक्सपर्ट की निगरानी में शहर नागरिकों, छात्र छात्राओं के अलावा कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, निगमायुक्त हर्ष सिंह सहित अन्य अफसरों ने एक साथ योगा किया। योगा एक्सपर्ट के बताए अनुसार एक लय और कतार में युवा योगा करते देखे गए। स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी योगा किया। इस मौके पर कलेक्टर ग्वालियर सिंह ने युवाओं को बताया कि जिस जगह पर हम योगा कर रहे हैं उस जगह का पुरातात्विक महत्व क्या है।
ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर बने हर स्मारक का एक समृद्ध इतिहास है। ऐसा ही एक स्मारक है 80 खंबा की बावड़ी। हालांकि एक समय यह बावड़ी शिव मंदिर थी और इसे 16वीं सदी में राजा मानसिंह तोमर के शासनकाल में बनवाया गया था। जब ग्वालियर दुर्ग पर मुगलों का कब्जा हो गया तो इस बावड़ी को जेल में तब्दील कर दिया गया। इस बावड़ी जेल में कैदियों को रखा जाने लगा। चूंकि पहले इस बावड़ी में मंदिर था, लेकिन मुगल शासनकाल में उसका स्वरूप बदल दिया गया, जिससे इसकी शैली इंडो-इस्लामिक हो गई। सिखों के छटवें गुरु हरगोविंद सिंह को यहीं कैद रखा गया था। यहां 52 बंदी राजाओं को साथ लेकर वह बाहर निकले थे।
भाजपा के कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद, अन्य जनप्रतिनिध
भारतीय जनता पार्टी ने मुरार के विजयाराजे गल्र्स कॉलेज में सामूहिक योग दिवस कार्यक्रम रख था। जिसमें सांसद ग्वालियर विवेक शेजवलकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया आदि सहित अन्य कई नेता व जनप्रतिनिधि शामिल हुए हैं। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुद को चुस्त दुुरुस्त रखने के लिए योगा किया है।
पुरातत्व स्थलों पर ही मनाया जा रहा है योग दिवस
प्रदेश में 9वें अन्तर्राष्ट्रीय दिवस के मौके को धूमधाम से मनाया गया। मध्य प्रदेश के 51 शहरों के पुरातत्व स्थल पर सामूहिक योग कार्यक्रम का प्रशासनिक स्तर पर आयोजन किया गया है। इस बार पुरातत्व महत्व के स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम करने का फैसला इसलिए लिया गया है कि योगा कार्यक्रम में आए युवाओं को योग के साथ-साथ अपने शहर के पुरातत्व महत्व के बारे में भी जानकारी मिल सके। जिससे स्वस्थ मन के साथ स्वस्थ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकेगा।
ऊर्जा मंत्री ने कांचमिल नवीन पार्क में किया योगा
विश्व योग दिवस के मौका और चुनावी साल होने पर ग्वालियर के सभी मंत्री, विधायक व जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ही योग दिवस मनाया है। ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने कांच मील नवीन पार्क और कम्युनिटी हॉल के योग कार्यक्रम में शामिल होकर योग किया। ऊर्जा मंत्री ने पतंजलि और योग संस्थान के कार्यक्रम में भाजपा पार्षदो के साथ भी योगा कर योग से शरीर और मन स्वस्थ रहने की बात कही है।