कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में कलेक्टर सिंह ने महिलाओं एवं असहायों के पास पहुँचकर लिए आवेदन

Jun 20 2023

ग्वालियर। कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में इस बार 140 आवेदकों की सुनवाई हुई। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, जिला पंचायत के सीईओ विवेक कुमार एवं अपर कलेक्टर एचबी शर्मा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्यायें सुनीं। साथ ही उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की। जनसुनवाई में 107 आवेदन दर्ज किए गए। शेष लगभग 37 आवेदन आवश्यक टीप दर्ज कर सीधे ही संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निराकरण के लिये दिए गए हैं। मंगलवार को हुई जनसुनवाई में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने महिलाओं एवं अन्य असहाय आवेदकों के पास पहुँचकर उनके आवेदन लिए। साथ ही ध्यानपूर्वक उनकी समस्याये सुनीं। 
गुरूकृपा नगर आदित्यपुरम फेज-2 बीपी सिटी जड़ेरूआ से आईं कु. रोशनी चौरसिया एवं शताब्दीपुरम निवासी सुश्री कल्पना सिंह ने शिकायत की कि उनके द्वारा जीआर मेडीकल कॉलेज से संबद्ध नर्सिंग कॉलेज के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिये ओवदन किया था। मेरा प्रवेश निरस्त कर दिया गया। जब हमने अपने मूल दस्तावेज माँगे तो नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य द्वारा नहीं दिए जा रहे हैं। मुझसे एमएससी द्वितीय वर्ष की फीस माँगी जा रही है। आवेदिकाओं का कहना था कि जब हमारा प्रवेश ही निरस्त हो गया था तो फिर फीस भरने का क्या औचित्य है। कलेक्टर श्री सिंह ने मेडीकल कॉलेज के डीन को इन शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। 
जनसुनवाई में बहुत से जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम किया गया। साथ ही जमीन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिये संबंधित एसडीएम को समयबद्ध कार्यक्रम के तहत निराकरण करने के निर्देश दिए गए।