भाजपा ने विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है - शेजवलकर

Jun 20 2023

ग्वालियर। मोदी सरकार ने बीते 9 साल में एक पार्टी के अपना परिवार, अपना विकास की नीति को दरकिनार कर सबका साथ, सबका विकास की कहानी लिखी है। प्रधानमंत्री ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है। उक्त बात सांसद विवेक सेजवलकर एवं जिला अध्यक्ष अभय चौधरी ने होटल विनायक में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जवाहर प्रजापति, विधानसभा संयोजक विवेक जोशी मौजूद रहे।
सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का भारत है, मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता लाभान्वित हो रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लाड़ली बहना योजना के अन्तर्गत बहनों के सीधे खातों में 1-1 हजार रुपये जमा किए हैं।
अभय चौधरी ने कहा कि हनुमान बांध से लक्ष्मीबाई समाधि स्थल तक एलीवेटेड रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस महती योजना के पूरा होने पर दक्षिण विधानसभा के लोगों को यातायात से होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में विभिन्न पेंशन योजनाओं के अन्तर्गत लगभग 14 हजार पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है।  
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया है। वर्तमान में केन्द्र में 60 प्रतिशत मंत्री एससी, एसटी या ओबीसी है। 9 वर्षों में लगभग साढ़े 3 करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई है। 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। देश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड से अधिक लोगों को निशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत देश में साढ़े 9 करोड़ लोगों को निशुल्क गैस कनेक्शन मिला है। आयुष्मान भारत योजना में देश के लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ मिल रहा है।