सिमरिया टोल प्लाजा के पास सवारियों से भरी बस पलटी,एक दर्जन घायल

Jun 19 2023

ग्वालियर। इंदौर से मुरैना आ रही एसी बस आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना का शिकार हो गई है। ग्वालियर के पनिहार स्थित सिमरिया घाटी पर सोमवार सुबह इंदौर से आ रही एसी बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस घाटी में 20 फीट गहराई में जाकर गिरी है। किस्मत से हादसे में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं। उनमें से कुछ की हालत नाजुक है। घटना डीजल बचाने के चक्कर में हुई है। घाटी पर चालक ने गाड़ी न्यूटल कर दी थी। जिसके बाद उसे संभालना मुश्किल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 100 में पदस्थ सिपाही ने राजवीर लोधी ने घाटी में उतरकर बस के कांच तोडक़र घायलों को निकाला और कंधे पर उठाकर 20 से 25 फीट की चढ़ाई कर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। जवान की सूझबूझ से कई लोगों की जान बच गई है। एसडीओपी घाटीगांव संतोष पटेल, थाना प्रभारी प्रवीण शर्मा के साथ ही अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जिनको मामूली चोटें थीं उन्हें दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
घाटीगांव एसडीओपी संतोष पटेल ने बताया कि इंदौर से मुरैना के बीच चलने वाली एसकेटी बस सर्विस की वीडियो कोच एसी बस नंबर एमपी13पी-5999 रविवार रात को इंदौर के विजय नगर बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर मुरैना के लिए रवाना हुई थी। आगरा-मुम्बई नेशनल हाइवे पर बस फर्राटे भरते हुए सोमवार सुबह 7 बजे ग्वालियर के पनिहार टोल से पहले सिमरिया घाटी तक पहुंच गई थी। यहां घाटी की ढलान से बस नीचे उतर रही थी तो चालक ने डीजल बचाने के चक्कर में बस का इंजन ऑफ कर उसे न्यूटल गियर पर डाल दिया। जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई। बस हाइवे पर लहराते हुए सिमरिया घाटी में 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। बस ने दो बार गुलाटें खाई थीं। बस पलटने से बस का दरवाजा जमीन की तरफ था और सवारी उसमें फंसकर रह गई। घटना का पता चलते ही पुलिस की डायल 100 मौके पर पहुंची और उस पर पदस्थ आरक्षक राजवीर सिंह लोधी व रिंकू यादव व अन्य स्टॉफ ने जिम्मेदारी उठाई और बस में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
हादसे में घायलों की मदद करते हुए डायल 100 के जवान राजवीर ने कांच तोडक़र घायल यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। जवान ने घायलों को घाटी से निकालने और हाइवे पर खड़ी एम्बुलेंस तक पहुंचाने के लिए कंधे पर उठाकर कई बार घाटी चढ़ी। इस दौरान जवान की हालत भी खस्ता हुई, लेकिन उसने अपनी टीम के साथ पूरा फर्ज निभाया और बस यात्रियों की जान बचाई। हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं। सभी ग्वालियर व मुरैना के बताए गए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को जयारोग्य हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। दो घायलों की हालत नाजुक है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से खाई में पलटी बस में से यात्रियों के लगेज को बाहर निकालकर सुरक्षित किया है। और खाई से बस को बाहर निकलवाया।  
एसडीओपी घाटीगांव संतोष पटेल ने बताया कि सडक़ हादसे में डायल 100 में पदस्थ जवानों ने अच्छा काम किया है। घायलों को बस से बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया है। प्राथमिक कार्रवाई से सभी यात्रियों की जान बचाई गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।