सडक़ पर खड़ी फैमिली के बच्चे को कुचल गई कार, 12 दिन बाद मौत

Jun 19 2023

ग्वालियर। एक्टिवा सवार परिवार को पीछे से तेज रफ्तार आ रही कार कुचल गई है। पूरे पर परिवार को कुचलने के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया है। घटना 7 जून की रात 11.20 बजे यूनीपेच फैक्ट्री धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास गोला का मंदिर का है। हादसे में दंपति के अलावा उनके दो बेटे घायल हुए थे। चारों को गंभीर हालत में प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। घटना के 12 दिन बाद सोमवार तडक़े हादसे में घायल 8 साल का मासूम अथर्व ने दम तोड़ दिया है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल पर लगे फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है।
मुरैना निवासी विक्रम सिंह एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। 7 जून को उन्होंने नई एक्टिवा खरीदी थी। जिस पर वह पत्नी पूनम राठौर (33) बेटे अथर्व (8) वेद (5) को साथ लेकर ग्वालियर बहोड़ापुर के उल्लास नगर में अपनी ससुराल आए थे। इसके बाद वह भिंड रोड पर भगतसिंह नगर अपनी बहन के यहां गए और वहां गाड़ी का पूजन कराया और रात 11 बजे के लगभग वापस बहोड़ापुर आने के लिए निकले थे। रात 11.20 बजे वह अभी धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास यूनीपेच फैक्ट्री के सामने पहुंचे ही थे कि गाड़ी पर सो रहा बच्चा नीचे की ओर फिसल रहा था। जिस पर विक्रम ने गाड़ी को रोड के किनारे पर आकर रोका था। अभी वह बच्चे को ठीक से बैठा रहे थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रही कार क्रमांक एमएच12डीई-7769 के चालक ने उनकी एक्टिवा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विक्रम सिंह, उनकी पत्नी पूनम के साथ ही बेटा अर्थव व वेद उछलकर दूर गिरे। टक्कर मारने के बाद कार सवार फरार हो गए। देर रात होने के चलते काफी समय तक यह वहां घायल पड़े रहे। इसके बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को पास ही एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना में घायल विक्रम सिंह का बड़ा बेटा अथर्व की हालत पहले ही दिन से गंभीर थी। लगातार इलाज चल रहा था। 12 दिन तक मासूम ने मौत से जिंदगी के लिए संघर्ष किया, लेकिन आखिर में वह जिंदगी की जंग हार गया। सोमवार (19 जून) तडक़े 4 बजे मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेने के बाद मर्ग कायम कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुई घटना
घटना स्थल के आसपास जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में 57 सेकंड का फुटेज सामने आया है। पूरी घटना इसमें कैद हुई है। विक्रम सिंह ने अपनी गाड़ी सडक़ किनारे ही खड़ी की थी। वह बच्चे को ठीक रहे थे। पूरी सडक़ खाली थी। पहले कार उनसे काफी दूर थी, लेकिन चालक ने अचानक गति बढ़ा दी और कार की दिशा उनकी तरफ मोड़ दी और एक्टिवा सहित पूरे परिवार को कुचलने के बाद भाग गया। घटना में कार व उसका रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट भी दिख रही है। पुलिस अब इस कार की तलाश कर रही है।
परिवार में नई एक्टिवा के शामिल होने पर विक्रम सिंह व उनका परिवार काफी खुश था। काफी समय से वह गाड़ी उठाने की सोच रहे थे। गाड़ी खरीदने के बाद वह उसका पूजन कराने बहन के घर भिंड रोड स्थित भगत सिंह नगर भी गए। वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। घायल बेटे की हादसे में मौत के बाद नई गाड़ी की खुशियां मातम में बदल गई।