महाराज बाड़े पर डीआईजी ने लोगों को दिलवाई शपथ

Jun 19 2023

ग्वालियर। उप पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज श्रीमती कृष्णावेणी देशावतु द्वारा एसपी राजेश सिंह चंदेल की उपस्थित में महाराज बाड़े पर अभिमन्यु अभियान के तहत उपस्थित आमजन को महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक कर अभिमन्यु शुभंकर के साथ सेल्फी लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया एवं कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आमजन को अभियान से संबंधित शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में एएसपी गजेन्द्र सिंह वर्धमान, विदिता डागर, डीएसपी यातायात नरेश बाबू अन्नोटिया, सुश्री हिना खान, अनीता मिश्रा, दामोदर गुप्ता, रूमा नाज सहित पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण एवं आमजन उपस्थित रहे।
महाराज बाड़े पर अभिमन्यु अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित उप पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज श्रीमती कृष्णावेणी देशावतु द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। डीएसपी (महिला अपराध शाखा) सुश्री हिना खान द्वारा उपस्थित लोगों को पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभिमन्यु अभियान के संबंध में जानकारी दी गई। तद्उपरान्त डीआईजी ग्वालियर द्वारा उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मप्र पुलिस अभिमन्यु अभियान के माध्यम से पुरूषों को महिलाओं का सम्मान करने का पाठ पढ़ा रही है। उन्होने कहा कि प्रत्येक पुरूष को महिलाओं का सम्मान करना चाहिए और समाज में व्याप्त बुराईयों, जैसे लिंग भेद, अशिक्षा, भ्रूण हत्या, असंवेदनशीलता, अश्लीलता, दहेज प्रथा, नशा के चक्रव्युह को तोडक़र अपराध मुक्त समाज का निर्माण करना चाहिए। 
उन्होने कहा कि महिलाओं व सहकर्मियों को कार्यस्थलों, समाज व अन्य व्यवसायिक स्थलों पर सम्मान देना चाहिए। उन्होने कहा कि अब समय आ गया है कि हम समानता में भी आगे बढ़े इसके लिए समाज के सभी पक्षों को एक साथ मिलकर काम करना पड़ेगा और समाज के प्रत्येक वर्ग को अभिमन्यु की तरह आगे आना पड़ेगा, तभी हम समाज में व्याप्त बराईयों को दूर कर सकते हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने कहा आज के समय में महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में कार्य कर रहीं है और उनका सम्मान करना हमारा दायित्व है। उन्होने कहा कि सुरक्षित समाज निर्माण के लिए सुरक्षित माहौल बनाना पड़ेगा जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर डीआईजी ग्वालियर एवं एसपी तथा अन्य पुलिस अधिकारियों व आमजन ने अभिमन्यु शुभंकर के साथ सेल्फी भी ली और डीआईजी ग्वालियर ने अभिमन्यु शुभंकर का पोस्टर जारी किया। इस अवसर पर हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार भी किया गया।