दो दिन पहले घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका ने प्यार में खाया जहर, प्रेमी की मौत

Jun 18 2023

ग्वालियर। दो दिन पहले घर से भागे एक प्रेमी जोड़े ने अचानक जहर खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में उनका एक दोस्त जयारोग्य हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। यहां प्रेमी की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो चुकी थी, लेकिन प्रेमिका की हालत खतरे से बाहर है। उसे आईसीयू में रखा गया था। घटना गिरवाई थाना क्षेत्र के सावरिया धाम कॉलोनी में गत रात की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रेमी के शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि प्रेमिका का इलाज चल रहा है। प्रेमिका के पास तीन बार पुलिस जा चुकी है, लेकिन वह ढंग से बयान दर्ज नहीं करा रही है। लडक़ी नाबालिग है और उसके परिजन इस प्यार के खिलाफ थे। अब दो दिन में ऐसा क्या हुआ कि दोनों को यह कदम उठाना पड़ा।
शहर के गिरवाई थाना क्षेत्र के वीरपुर बांध निवासी 17 वर्षीय नाबालिग पास ही रहने वाले सूरज कुशवाह से प्रेम करती थी। सूरज पेशे से ऑटो चालक है, जबकि लडक़ी का भाई मुम्बई में किसी कंपनी में जॉब करता है और पिता भी प्राइवेट कंपनी में कर्मचारी हैं। एक महीने पहले सूरज और नाबालिग की दोस्ती हुई थी और उनके बीच प्यार पनप गया, लेकिन नाबालिग के घर वालों को यह पसंद नहीं था। दो दिन पहले नाबालिग लापता हो गई, जब परिजन ने तलाश किया तो पता लगा कि सूरज भी गायब है। आगे पता लगा कि दोनों एक साथ भागे हैं। इसके बाद परिजनों ने थाने में सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था और उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
इसी बीच गत देर रात करीब 2.30 बजे अस्पताल में प्रेमी जोड़े को एक युवक गंभीर हालत में लेकर पहुंचा और बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। डॉक्टरों ने जब उन्हें चेक किया तो सूरज (प्रेमी) को मृत घोषित कर दिया, जबकि नाबालिग (प्रेमिका) की गंभीर हालत होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराकर उसके परिजनों को सूचना दे दी। रविवार सुबह तक लडक़ी की हालत में सुधार हो गया था और वह खतरे से बाहर थी। दोनों के परिजन पहुंच गए हैं। पुलिस ने सूरज के शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। अभी डॉक्टरों ने बताया नहीं है कि उन्होंने कौनसा जहर खाया है।
पुलिस को पता लगा है कि घर से भागने के बाद प्रेमी जोड़ा सावरिया धाम कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहे थे। दो दिन में ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने जहर गटक लिया, इसका पता अभी नहीं चला है। अभी नाबालिग प्रेमिका की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस गुत्थी सुलझाने के लिए लडक़ी के पास तीन बार हो आई है, लेकिन लडक़ी ढंग से बात नहीं कर रही है। जिस युवक ने उन्हें भर्ती कराया है, वह सूरज का दोस्त है और उसका कहना है कि रात को सूरज ने उसे कॉल कर बुलाया था और पूछने पर उसने कुछ नहीं बताया था। जब वह वहां पर पहुंचा तो दोनों की हालत गंभीर थी तो वह दोनों को उपचार के लिए भर्ती करा दिया। उसे नहीं मालूम है कि किस कारण से उन्होंने यह कदम उठाया है।
इस मामले में गिरवाई थाना प्रभारी रघुवीर मीणा का कहना है कि एक युवक व किशोरी ने जहर खाया है। युवक की मौत हो गई है और किशोरी की हालत गंभीर है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।