शादी के छह रोज बाद ही दुल्हनें कीमती माल समेटकर भागीं

Jun 16 2023

ग्वालियर। जिन दो घरों में शादी के बाद दुल्हन आने के बाद खुशियां ही खुशियां बिखरी हुईं थीं, उन दोनों घरों से दुल्हन कीमती माल समेटने के बाद गायब हो गई हैं। भागने से पहले यह अपने सास-ससुर को कमरों में बंद कर गईं, ताकि उनका कोई पीछा ना कर सके। अब इन दुल्हनों को पुलिस तलाश रही है।
यह शादी 9 जून को हुई थी। शादी का पूरा खर्चा लडक़े वालों ने ही उठाया था और शादी दतिया जाकर की थी। इनकी बुआ दतिया में रहती हैं और उन्होंने ही इस शादी में मध्यस्थता की भूमिका निभाई थी। सात फेरे लेने के लिए ग्वालियर के थाटीपुर में रहने वाले भरत गुप्ता पुत्र गिरीश गुप्ता और दुष्यंत नगर में रहने वाले रोहित गुप्ता पुत्र शिवकुमार गुप्ता बारात लेकर दतिया पहुंचे थे। दोनों ही दूल्हे आपस में चचेरे भाई हैं और दोनों की शादी क्रमश: अंजली और रंजना के साथ हुई। दोनों ही दुल्हनें गोरखपुर के पास परिंदा की रहने वाली बताई गई है।
सात फेरे नौ जून को दतिया में हुए। इसके बाद दोनों ही परिवारों ने ग्वालियर लौटकर घर में दुल्हन आने की खुशी में 11 जून को दावत दी। इसमें काफी सारे मेहमान जुटे। इसमें वह बुआ भी आईं जिन्होंने शादी में खास भूमिका निभाई थी। बुआ ने कहा था कि लड़कियां गरीब घर से हैं, इसलिए उनके परिवार के पास शादी में खर्चा करने को कुछ नहीं है। इसलिए शादी का खर्चा भी गुप्ता परिवार ने उठाया और ग्वालियर में दावत में भी दी।
ग्वालियर में दावत के बाद चार दिन तक तो सब कुछ ठीक रहा पर 15 जून को जो हुआ उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। जैसे ही भरत और रोहित गुप्ता काम पर निकले, अंजली और रंजना ने अपनी-अपनी ससुराल से कीमती सामान समेटा। घर वालों को कमरों में बंद किया और गायब हो गईं। घर वालों को इसकी भनक तब लगी जब उन्हें कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। 
उन्होंने दरवाजा खटखटाया। आवाजें दीं और फिर भी जब बात नहीं बनी तो अपने-अपने बेटों को फोन लगाया। दोनों बेटे भागे-भागे घर पहुंचे तो पूरा माजरा सामने आया। दुल्हनें माल समेटकर गायब हो चुकी थीं। ये दोनों दुल्हनें अपने साथ करीब छह लाख का माल समेटकर ले गईं हैं। इसमें जेवरात भी शामिल हैं।