आर्मी जवान के घर से नगदी-गहने समेट ले गए चोर मुरार थाना क्षेत्र के बालाजी कॉलोनी की घटना ग्वालियर। आर्मी जवान के घर के ताले चटकाकर चोर नगदी-गहने सहित अन्य कीमती सामान पार कर ले गए। घटना मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित बालाजी कॉलोनी की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित बालाजी कॉलोनी निवासी पुष्पेन्द्र सिंह तोमर आर्मी जवान है और अभी अंबाला में पदस्थ है। यहां पर उनकी पत्नी सुनीता और बच्चे रहते है। बीते रोज सुनीता बेटे ऋषभ को पेपर दिलाने गई थी और घर पर ताले डाल गई थी। सूना घर देखकर चोरों ने धावा बोला और अलमारी में रखे सोने व चांदी के जेवर के साथ ही अन्य कीमती सामान पार कर दिया। घटना का पता उस समय चला, जब वह वापस आई और ताले टूटे देखे तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। यह सामान गया चोरी पीडि़ता ने बताया कि चोर उनके घर से 35 हजार रुपए नगद, दो अंगूठी, दो जोड़ी टॉप्स, आधा किलो चांदी के साथ ही 12 चांदी के सिक्के और टीवी, मोबाइल सहित अन्य सामान पार कर ले गए है।

Jun 14 2023