राम मंदिर बनते व 370 हटने जैसे सपने साकार होते देख रहे हैं लोग-पवैया

Jun 13 2023

ग्वालियर। यदि जनसंघ काल से लेकर हमारे तपस्वी कार्यकर्ताओं ने नि:स्वार्थ अपना पसीना न बहाया होता तो भाजपा का आज इतना विराट रूप ना होता। भाजपा के महाराष्ट्र प्रभारी व वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया ने यह बात दक्षिण विधानसभा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर और 370 जैसे स्वप्नों को लेकर जिन्होंने संघर्ष किया उनकी आंखों के सामने वे सपने पूरे हो रहे हैं। पवैया ने कहा युग के साथ साधन बदलते हैं पर मूल्य व विचारधारा नहीं। हमारे पुराने नेताओं ने सदा हिंदुत्व व राष्ट्रवाद के लिए स्वयं की इच्छाओं का बलिदान किया, मगर जातियों की धमकी देकर राजनीति नहीं की यह काम तो कांग्रेस करती है। भाजपा का सच्चा कार्यकर्ता जाति जोडक़र सम्पूर्ण समाज के लिए कार्य करता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के द्वारा किए गए जन कल्याण कार्यों को उन्होंने सविस्तार बताया।
कार्यक्रम के समापन पर भाजपा महाराष्ट्र के प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने उपस्थित भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं पर अपने हाथों से पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन विनय जैन ने किया एवं आभार महेंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ सैकड़ों वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल थे।