गांजा लेकर आए दो तस्कर पकड़े, बाइक बरामद

Jun 13 2023

ग्वालियर। गांजा शहर में खपाने वाले दो तस्कर सिरोल थाना पुलिस ने रेंडम चेकिंग में सचिन तेंदुलकर मार्ग से पकड़े हैं। पकड़े गए तस्करों से गांजे की खेप व वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त कर पुलिस ने तस्करों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों की माने तो पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के बाद कुछ अहम जानकारी हाथ लग सकती है। 
सिरोल थाना प्रभारी गजेन्द्र धाकड़ ने बताया कि बीती रात एसआई प्रकाश सिंह चौहान, उपेन्द्र सिंह, आरक्षक जगजीवन, महेश और बलराम रात्रि गश्त कर रहे थे। गश्त करते हुए पुलिस टीम सचिन तेंदुलकर मार्ग पहुंची तो वहां पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक बाइक से दो युवक आते दिखाई दिए। जिनके बीच में एक प्लास्टिक का बोरा रखा हुआ था। पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने अपना वाहन मोडक़र जाने का प्रयास किया, लेकिन उससे पहले ही आरोपी पुलिस ने पकड़ लिए। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से बोरे में गांजा बरामद हुआ। गांजा बरामद होते ही पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। 
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की तो पहले वह अपने गलत नाम और पते बता रहे थे। जब पुलिस ने उनकी तस्दीक की तो पता चला कि पकड़े गए तस्कर मनोज जाटव पुत्र देवी सिंह निवासी हुरावली और दूसरे की पहचान परमानंद पुत्र दयाराम जाटव निवासी हुरावली के रूप में हुई। पुलिस ने उनसे गांजा बरामद कर पूछताछ शुरू कर दी है। 
पुलिस अफसरों की माने तो पकड़े गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही इस मामले में कुछ अन्य नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस अब उनके बताए गए तस्करों की तलाश में लग गई है।