घाटी पर ब्रेक फेल होने से मकान पर पलटा ट्रक, बेटी की मौत, मां घायल

Jun 13 2023

ग्वालियर। गोल पहाडिय़ा तिघरा रोड पर घाटी से उतरते समय एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। ट्रक लहराते हुए घाटी से नीचे एक मकान पर आकर पलट गया। हादसे में घर में सो रही मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। जिसमें 3 साल की मासूम की मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर 12 बजे के लगभग हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद हालात को काबू में लिया है। पुलिस ने आसपास के मकान भी खाली करा लिए हैं। ट्रक घाटी पर अटका हुआ है और उसे क्रेन से उठाते समय कोई हादसा न हो जाए।
शहर के जनकगंज गोल पहाडिय़ा स्थित तिघरा रोड निवासी उदल सिंह कुशवाह, पेश से मजदूर हैं। वह तिघरा रोड पर जयराम राठौर के मकान में किराए से रहते है। मंगलवार दोपहर 12 बजे तेज रफ्तार जा रहा ट्रक जब ढलान पर पहुंचा तो चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए और घाटी के किनारे जयराम राठौर के मकान पर पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से उदल सिंह की पत्नी प्रीती (27) और 3 वर्षीय बेटी पलक दब गई। घटना का पता चलते ही आस-पास के लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना देने के साथ ही बचाव कार्य जुट गए।
बताया गया है कि जब हादसा हुआ तब मां के साथ बेअी पलक आंगन में लेटी हुई थी। अचानक ट्रक मकान पर गिरा और मलबे में यह दोनों दब गए। पुलिस व आस-पास के लोगों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद पलक को मृत घोषित कर दिया और घायल प्रीती को उपचार के लिए भर्ती कर लिया है। प्रीति का पति ऊदल सिंह, सुबह काम के लिए निकल गए थे इसलिए वह हादसे का शिकार होने से बच गए।
वहां मौजूद लोगों का कहना था कि नो एंट्री में ट्रक कैसे आया और अगर ट्रक को नो एंट्री में रोक दिया गया होता तो हादसा नहीं होता और बालिका की जान नहीं जाती। क्षेत्रीय पार्षद ने पुलिस और ट्रैफिक पुलिस पर नो एन्ट्री की वसूली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पहले भी हुए है हादसे
इस इलाके में यह पहला हादसा नहीं है, इससे पहले भी यहां पर हादसे हुए है और लोगों की जान गई है। यहां अचानक घाटी पर चढ़ते समय ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित हो जाते हैं। इस हादसे में भी ट्रक में प्याज भरी थी और वह ओवरलोड था। ट्रक के मकान पर गिरने के बाद आसपास के घरों में प्याज भर गई थी।