लाड़ली बहना में ज्यादातर महिलाओं के खाते में नहीं आए रुपए

Jun 11 2023

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज के एक क्लिक करते ही प्रदेश की सबसे चर्चित और लोकप्रिय योजना लाड़ली बहना का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री के क्लिक करते ही बहनों के अकाउंट में एक हजार रुपए की सम्मानित राशि पहुंचना शुरू हो गई है। ग्वालियर में भी इस अवसर पर जगह-जगह स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम किए गए हैं, जिसमें बहनों ने बढ़ चढक़र भाग लिया है।
लाइव शो में जैसे ही सीएम ने क्लिक किया और बोला कि अब आपके खाते में रुपए पहुंचना शुरू हो गए हैं। इसके बाद शहर के एटीएम पर महिलाओं की भीड़ भी देखने को मिली। महिलाएं अपने कार्ड के जरिए अकाउंट का बैलेंस चेक करते हुए नजर आ रही थीं। यहां उनको बताया गया कि जब उनके अकाउंट में पैसा आ जाएगा तो मैसेज भी आएगा उसके बाद ही वह कैश निकाल सकेंगी। ज्यादातर महिलाओं के खाते में रुपए नहीं आए तो वह निराश भी नजर आईं। उनको बताया गया कि जल्द ही उनके अकाउंट में राशि आ जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में जबलपुर में हुए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना राशि अंतरण समारोह की वर्चुअल साक्षी ग्वालियर की लाड़ली बहनाएं भी बनीं। इस ऐतिहासिक आयोजन में जैसे ही मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगल क्लिक की, उसी के साथ ग्वालियर की 3 लाख 5 हजार 895 लाड़ली बहनों के खातों में एक-एक हजार रूपए की धनराशि पहुंचने की शुरूआत हो गई। मुख्यमंत्री ने 21 साल की महिला को भी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ देने, लाड़ली बहना सेना और बजट के आधार पर चरणबद्ध ढंग से लाड़ली बहना योजना की राशि प्रतिमाह 3000 रूपए करने की घोषणा की। इंटक मैदान, सहित सभी वार्ड, गांव में एलईडी स्क्रीन के जरिए मुख्यमंत्री की यह घोषाणाएं सुनकर ग्वालियर की लाड़ली बहनाएं खुशी से झूम उठीं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की घोषण और लाइव कार्यक्रम बंद होते ही कार्यक्रम से बहनें सीधे एटीएम पर पहुंची और यहां अपने-अपने अकाउंट का बैलेंस चेक किया। महिलाएं उतावली थीं अपने अकाउंट में एक-एक हजार रुपए की राशि देखने के लिए, लेकिन जिन महिलाओं खाते में राशि नहीं आई तो वह उदास भी दिखीं, लेकिन उनको बताया गया कि अभी रुपए खाते में आने में कुछ समय लगेगा।