तीन बदमाशों ने युवक को गले पर चाकू मारा, सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

Jun 10 2023

ग्वालियर। घर के बाहर घूम रहे एक युवक के साथ बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा चाकू से हमला कर चेन लूटने की घटना सामने आई है। चेन लूटने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चाकू मारकर चेन लूट का आरोप घायल और उसके भाई ने लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि पड़ोसी से झगड़ा हुआ था।
ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंदवानी नाके पर रहने वाला 33 वर्षीय युवक रामकृपाल परमार गत रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर घूम रहा था। कुछ देर बाद उसके चीखने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो उसके गले पर चाकू लगा था। खून से लथपथ युवक को परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। घायल और उसके भाई ने बताया कि वह घर के बाहर टहल रहा था। तभी बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन लूटने का प्रयास किया। जब युवक ने इसका विरोध किया था बदमाशों ने उसके गले पर चाकू मारकर चेन लूटी और फरार हो गए। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात लोगों की तलाश शुरू कर दी है, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है जिससे लुटेरों की तलाश की जा सके।
घायल युवक के भाई महावीर सिंह परमार का कहना है कि तीन बदमाशों ने मेरे भाई के गले पर चाकू से हमला कर एक तोले की सोने की चेन लूट कर फरार हो गए हैं। हमलावर कौन थे यह पता नहीं चल सका है, मेरा भाई घर के पास खेलने के लिए आया था तभी बदमाशों ने उसके ऊपर हमला कर दिया।
झांसी रोड थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि एक युवक को चाकू लगा है। घायल चेन लूट का आरोप लगा रहा है। पर जैसी जानकारी मिली है कि उसका पड़ोसियों से विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।