टाउन हॉल के सामने नो व्हीकल जोन बनाया, दुकानदारों में आक्रोश

Jun 09 2023

ग्वालियर। ग्वालियर के हृदय स्थल महाराज बाड़े पर शुक्रवार को टाउन हॉल के ठीक सामने नो व्हीकल जोन बना दिया गया है। निर्माण कार्य के चलते सडक़ को दी गई है, इसके चलते यहां जाम लग रहा था। यही वजह है- इस सडक़ को नो व्हीकल जोन बना दिया गया है। ट्रैफिक सराफा बाजार और दौलतगंज से डायवर्ट किया गया है। इन दोनों रास्तों पर ट्रैफिक लोड बढ़ गया है। इस व्यवस्था के चलते टाउन हॉल और टोपी बाजार के दुकानदारों में भारी आक्रोश है। 
दरअसल महाराज बाड़े के सौंदर्यीकरण कार्य के चलते पहले सुभाष मार्केट के सामने पेडेस्ट्रियन जोन बनाया गया। यहां निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब टाउन हॉल के बगल में जहां पार्किंग बनाई गई थी वहां पेडेस्ट्रियन जोन बनाया जा रहा है। इसके चलते टाउन हॉल के बगल से सडक़ खोद दी गई है। यहां आधी से ज्यादा सडक़ खोद दी गई। जिसके चलते महज 5 से 7 फीट की सडक़ की ट्रैफिक के लिए बची। अब यहां ट्रैफिक जाम लगने लगा है। इसके चलते पुलिस अधिकारियों ने निर्माण कार्य पूरा होने तक इसे नो व्हीकल जोन बनाने का निर्णय लिया। 
शुक्रवार सुबह 9 बजे से यहां ट्रैफिक पॉइंट लगा दिए गए। ट्रैफिक सिग्नल से टाउन हॉल की तरफ आने वाले ट्रैफिक को सराफा बाजार, दौलतगंज से डायवर्ट किया गया है। सुबह से वाहन घूम कर जा रहे हैं। इससे दौलतगंज में जाम के हालात बनने लगे हैं, क्योंकि महाराज बाड़ा और सूर्य नारायण तिराहे की ओर से गलत दिशा में गाडिय़ां आ रही है। जिसके चलते नाग देवता मंदिर और पाटनकर चौराहे पर जाम की स्थिति बन रही है। 
इस व्यवस्था को लेकर टाउन हॉल और टोपी बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। पहले व्यापारियों ने पार्किंग का विरोध किया था, अब यहां पेडेस्ट्रियन जोन बनाने के लिए सडक़ खोदी गई है जिसके चलते अब व्यापारी इसके विरोध में उतर आए हैं।
यातायात पुलिस ने बताया कि अब पाटनकर चौराहा और सूर्य नारायण तिराहे पर ट्रैफिक प्वाइंट लगाया जाएगा। जिससे यह हालात न बने।