पार्किंग न होने से व्यापार पर हो रहा असर:मोहन माहेश्वरी

Jun 07 2023

ग्वालियर। चेंबर सदस्यों ने कहा है बाजारों में पार्किंग की समस्या विकरात होती जा रही है। प्रमुख बाजारों में पार्किंग नहीं होने से व्यापार प्रभावित होने लगा है इसलिए चेंबर अधिकारियों के साथ इन क्षेत्रों का दौरान कर इस समस्या का निराकरण कराने का प्रयास करें।
चेंबर ऑफ कॉमर्स में अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल की अध्यक्षता आयोजित बैठक में मोहन माहेश्वरी ने कहा कि दही मण्डी में पार्किंग की समस्या होने से यहां धंधा चौपट हो रहा है। पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित कर उसकी मार्किंग की जाए। समूह क्रमांक 2 थोक वस्त्र व्यवसाय एवं समूह क्रमांक 4 खेरीज एवं कटपीस वस्त्र व्यवसायियों की बैठक में व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। बैठक में घनश्यामदास नागवानी ने कहा कि दौलतगंज में राँग साइड से वाहन आते हैं, इसका यातायात व्यवस्था पर असर पड़ता है। वहीं बाजारों में विद्युत कटौती से भी व्यापार प्रभावित हो रहा है। साथ ही आपने चेम्बर में विद्युत शिविर पूर्व की भांति लगाये जाने का सुझाव दिया।
डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि व्यापार व उद्योग की समस्याओं का संकलन नवीन टीम द्बारा किया जा रहा है। इसके बाद उनका शीघ्रता से निराकरण कराने का प्रयास किया जायेगा। बैठक का संचालन कर रहे मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा संवाद का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। पूर्व मानसेवी संयुक्त सचिव नरेश सिंघल, सदस्य रोशन गाबरा ने कहा कि थोक कपड़ा व्यवसाय में इंफ्रास्ट्रक्चर की बहुत आवश्यकता है क्योंकि हमारे पुराने बाजार अब संकरे हो गये हैं। शहर में थोक एवं रिटेल के लिए एक मल्टीलेबल मार्केट की बहुत आवश्यकता है। जहां पर्याप्त पार्किंग एरिया भी हो। 
आज लोगों के पास समय कम है और डिजिटल कार्ड ज्यादा हैं जिससे वह सुविधानुसार खरीदी करते हैं। इसलिए आवश्यकता है कि एक सर्वसुविधायुक्त होलसेल और रिटेल दोनों का मार्केट बने। ग्वालियर में पूर्व में कपडा मैन्युफेक्चरिंग यूनिट भी थीं जो कि अब नहीं हैं। भीलवाडा क्षेत्र इसमें अग्रणी हैं, जिसमें ग्वालियर के नाम से कपडा आज भी बनता है। इसलिए यहां पर भी मैन्युफेक्चरिंग यूनिट लगें, इसके प्रयास होना चाहिए। कार्यकारिणी समिति सदस्य धर्मेश गुप्ता ने भी अपनी बात रखी। 
बैठक में डॉ. राकेश अग्रवाल, संदीप नारायण अग्रवाल, घनश्यामदास नागवानी, प्रदीप भवानी, नरेन्द्र कुमार जैन, महेश खटोड, अभिनंदन जैन, जगदीश अग्रवाल, चैतन्य गुप्ता, राजकुमार, श्याम गोयल, गोविंद अग्रवाल, श्यामलाल जेठवानी, सुरेश अरोरा, मनीष मित्तल, अभिषेक जाजू, नितिन गोयल, सुदीप कुमार जैन, अनिल गुप्ता, प्रकाशचंद मांडिल, जयदेव कंजानी, अंकित जैन, गोपाल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।