देश को सुनहरा भविष्य देने में शिक्षकों की अहम भूमिका-अनुराग ठाकुर

Jun 07 2023

ग्वालियर। हमारे जीवन में खेल हमें जितना सिखाते हैं, जितना सशक्त बनाते हैं, जितनी मानसिक और शारीरिक मजबूती प्रदान करते हैं वो किसी अन्य माध्यम से मिल पाना संभव नहीं है। सिर्फ खेल से ही देश के मजबूत भविष्य की नींव रखी जा सकती है। यह कहना गलत नहीं होगा कि देश को सुनहरा भविष्य देने में आप सभी जैसे फिजिकल एज्यूकेशन के शिक्षकों की भी बहुत बड़ी भूमिका रहती है। यह बात केंद्रीय मंत्री खेल मंत्रालय अनुराग सिंह ठाकुर ने लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान के मल्टीपरपज हाल में आयोजित 9वें दीक्षा समारोह के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए कही। मंगलवार को लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान के दीक्षा समारोह में सत्र 2017 से 2022 तक संस्थान से उत्तीर्ण हुए 3051 छात्रों को उपाधि दी गई। अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री खेल मंत्रालय अनुराग सिंह ठाकुर ने की। इस मौके पर खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव कुणाल भी मौजूद रहे। जिन छात्राों को उपाधि दी गई उनमें स्नातक, स्नातकोत्तर के साथ- साथ डिप्लोमा कोर्स के भी छात्र शामिल रहे । वहीं 12 छात्र ऐसे भी थे, जिन्होंने बीपीएड एवं एमपीएड पाठ्यक्रम के सर्वोच्च अंक प्राप्त करके संस्थान को गोरवान्वित किया। इन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। दीक्षा समारोह के प्रारंभ में कुलपति प्रोफेसर गुरु दत्त ने स्वागत भाषण दिया और अंत में कुलसचिव नंदलाल रोहिरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
 जब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से पूछा गया कि पिछले लगभग तीन साल से संस्थान में स्थाई कुलपति नहीं हैं। स्थाई कुलपति कब तक मिलेंगे? इस पर उन्होंने कहा प्रक्रिया जारी है। जल्दी ही संस्थान को जल्द ही स्थाई कुलपति मिल जाएंगे। कई नाम भी सामने आए हैं, जिन पर विचार चल रहा है।
अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय मंत्री ने अपने व्याख्यान के दौरान छात्रों के साथ संवाद सा स्थापित कर लिया। लगभग 30 मिनिट तक चले व्याख्यान के बाद छात्रों के साथ सेल्फी का क्रम शुरू हो गया । सफेद कुर्ता पजामा पहने छात्र और साडी पहने छात्रांओं ने ग्रुप में तो केंद्रीय मंत्री के साथ फोटो क्लिक किए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने सभी को बुलाकर अपने कैमरे से यादगार ली।