ग्वालियर का पुरातात्विक वैभव गौरवशाली और आद्वित्य:एरिक माइकल

Jun 04 2023

ग्वालियर। ग्वालियर के प्रसिद्व पर्यटन स्थल ग्वालियर किले का अमेरिकी राजदूत एरिक माइकल गर्सेटी ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कहाकि ग्वालियर की ऐतिहासिक धरोहर और पुरातत्व काफी शानदार है। इसके साथ ही उन्होंने कहाकि ग्वालियर एक ग्लोबल सिटी है। ग्वालियर किले पर एरिक माइकल गर्सेटी का पुष्पगुच्छ देकर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एसपी राजेश चंदेल और निगमायुक्त हर्ष सिंह ने स्वागत किया। साथ ही उन्हें शालभंजिका की छोटी प्रतिमा भेंट की।
अमेरिकी राजदूत एरिक माइकल गर्सेटी ने सबसे पहले ग्वालियर किले पर सास बहू के मंदिर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की शैली की सुंदरता की प्रशंसा की। साथ ही कहाकि भारत का पुरातत्व काफी शानदार है। ग्वालियर किला की सुंदरता अनुपम है, इसके बाद उन्होंने तेली का मंदिर का भ्रमण किया। अंत में उन्होंने राजा मानसिंह तोमर के महल सहित किले पर बनी अन्य इमारतों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें किले का इतिहास बताने के लिए पुरातत्व विभाग के गाइड और अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्वालियर किले के बारे में उन्हें जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने कर्णमहल के पास से ग्वालियर सिटी को निहारा और इसकी प्रशंसा की।
स्वच्छता अभियान की प्रशंसा की और सफाई मित्रों से किया संवाद
अमेरिकी राजदूत एरिक माइकल गर्सेटी ने किले पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और निगमायुक्त हर्ष के नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को देखा और वहां पर सफाई मित्रों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहाकि शहर को साफ व स्वच्छ रखने में सफाई मित्रों का बहुत बडा योगदान होता है। उन्होंने कहाकि जब वह अमेरिका में मेयर थे तब वह भी स्वच्छता पर बेहद ध्यान देते थे इसलिए उन्हें पता है कि सफाई मित्र इस पृथ्वी को स्वच्छ व साफ रखने में कितना योगदान देते हैं। 
अमेरिकी राजदूत एरिक माइकल गर्सेटी के ग्वालियर किला भ्रमण के दौरान पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता द्वारा किले पर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को भी देखा और उनसे मुलाकात की।
इंटर्नस विथ कमिश्नर में चयन किए गए छात्रों से भी अमेरिकी राजदूत एरिक माइकल गर्सेटी ने बातचीत की। उन्होंने कहाकि आप जिस प्रकार स्वच्छता के प्रति जागरूकता ला रहे हैं वह बेहद महत्वपूर्ण कार्य है।