बेटे ने पिता की पिस्टल से खुद को गोली मारी, मौके पर हुई मौत

Jun 02 2023

ग्वालियर। विंडसर हिल्स में रहने वाले शराब कारोबारी बंटी सोलंकी के बेटे हर्ष ने गत रात लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जिस समय घटना हुई, मां और 6 वर्षीय छोटी बहन घर में मौजूद थी। हर्ष ने अचानक कनपटी पर पिस्टल रखी ट्रिगर दबा दिया। बंटी बीजेपी से भी जुड़े हैं व पत्नी राष्ट्र हिन्दू एकता संगठन की पदाधिकारी हैं और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुकी हैं।
मूल रूप से ग्वालियर के पनिहार इलाके में रहने वाले बंटी सोलंकी का ग्वालियर के सिरोल स्थित विंडसर हिल्स हाउसिंग सोसायटी के एस ब्लाक में फ्लैट है। बंटी कभी गांव तो कभी यहां रहते हैं। गत रात को वह घर से बाहर गए हुए थे। जहां पत्नी कुसुम, बेटा हर्ष उम्र 23 वर्ष और 6 साल की बेटी घर पर थी। बंटी की लाइसेंसी पिस्टल घर पर रखी हुई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात में हर्ष ने कनपटी पर पिता की लाइसेंसी पिस्टल रखकर ट्रिगर दबा दिया और खुद को गोली मार ली। गोली चलते ही मां दौड़ कर कमरे में पहुंची जहां हर्ष खून से लथपथ पड़ा था। चीखा पुकार सुनकर आस पड़ोस में रहने वाले लोग दौडक़र पहुंचे। लोगों ने हर्ष को तुरंत अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलते ही सिरोल थाने की फोर्स भी यहां पहुंच गई। जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में हर्ष को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है। जिस कमरे में घटना हुई, उसे पुलिस ने सील कर दिया गया है। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन इस हालत में नहीं है कि उनसे पूछताछ की जा सके। 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हर्ष पिता का इकलौता बेटा था। दो बहनों की पहले मौत हो चुकी है। एक बहन ने आत्महत्या की थी। सबसे छोटी बहन की उम्र अभी 6 वर्ष है। कुछ शराब प्रकरण में भी बंटी सोलंकी का नाम आ चुका है।