नामांतरण रजिस्ट्री के समय ही किया जाएगा : हर्ष सिंह

Jun 01 2023

ग्वालियर। महाराज बाड़े पर शीघ्र ही नाइट चाट बाजार शुरु किया जाएगा। वहीं संपत्ति के नामांतरण के लिए रजिस्ट्री कार्यालय में नगर निगम की ओर से कंप्यूटर ऑपरेटर को ड्यूटी पर लगाया जाएगा जिससे स्पॉट पर ही नामांतरण हो सकेगा।
कॉन्फेडरेशेन ऑफ इंडिया ट्रेडर्स ग्वालियर के राजीव प्लाजा में आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में व्यापारियों की बातें सुनने के बाद यह बात कही। इस अवसर पर निगमायुक्त हर्ष सिंह ने कहा कि शहर की सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के लिए शासन और व्यापारियों को मिलकर कार्य करना होगा। नगर निगम में सबसे बड़ी समस्या यह है किसी भी कार्य की प्लानिंग होती है लेकिन उनका क्रियान्वयन में कई प्रकार की अड़चनें आ जाती हैं। शहर में एयरपोर्ट रोड और गांधी रोड को सुंदर बनाया गया है। ट्रैफिक बढ़ती हुए शहर के लिए एक समस्या है इसके लिए फंड की कोई कमी नहीं है जल्द ही मीटिंग कर इसके समधान पर काम करेंगे। ठेलों को शीघ्र ही हॉकर जोन में शिफ्ट किया जायेगा।
निगमायुक्त ने कैट टीम से आव्हान किया कि शहर के विकास के लिए हमें आईडिया दें हम उस पर कार्य करेंगे। आज जिस तरह इंदौर का हर आम नागरिक स्वच्छता को लेकर जागरूक है, इसी प्रकार ग्वालियर की जनता को भी आत्म अनुशासन को अपनाना होगा।
कैट के जिला अध्यक्ष दीपक पमनानी एवं जिला महामंत्री मनोज चौरसिया ने कहा कि महाराज बाड़े पर नाइट चाट बाजार लगाने की बात कही, उन्होंने कहा कि कैट शहर की सफाई व्यवस्था के लिए कैट सभी 66 वार्डों में सफाई मित्र की टीम बनाकर नागरिकों को सफाई के लिए प्रोत्साहित करेगा।
उन्होंने कहा कि संपत्ति के नामांतरण के नाम पर हो रही लूट को बंद किया जाना चाहिए। कैट ने मांग की कि कचरा व्यवस्था के लिए नगर निगम द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाना चाहिए, इसके लिए कैट हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार है।
कार्यकरिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल ने कहा कि बाजारों से निकलने वाले थर्माकोल के कचरे की रिसाइकलिंग के लिए वह अपनी ओर से नि:शुल्क मशीन देने के लिए तैयार है। जय सचेती ने कहा कि नगर निगम के साथ मिलकर पूरे शहर में विभिन्न स्थानों पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किए जाए। सचिन राजपूत ने कहा कि किसी भी प्रकार के मेंटेनेंस के लिए सडक़ खोदने के बाद उसे बनाया भी जाए।
प्रदेश महामंत्री रवि गुप्ता ने मांग की कि गार्बेज शुल्क का शीघ्र निराकरण होना चाहिए अन्यथा कैट इसके लिए पुन: आंदोलन करेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप पंजवानी के कहा कि दाल बाजार सहित पूरे शहर की रोड और नाली की स्थिति खराब है, इसमें सुधार की बहुत जरूरत है। कैट के कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर की रोड एवं सफाई व्यवस्था की स्थिति दयनीय है। आकाश जैन के कहा कि शहर में प्लांटेशन के लिए कैट नगर निगम के साथ मिलकर कार्य करने के लिए तैयार है। उपाध्यक्ष सीए मयूर गर्ग ने कहा कि थीम रोड पर डस्टबिन लगाए नही है। तालिब खान ने कहा कि शहर में ई रिक्शा की बाड़ आने के चलते जगह जगह जमा लगा रहता है, इन्हे व्यवस्थित किया जाए। प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि छत्री बाजार की रोड खुदी पड़ी है इसके चलते व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया है।