चौथी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौत

Jun 01 2023

ग्वालियर। ग्वालियर में भिंड रोड स्थित एक बिल्डिंग से युवक ने छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया है। जब इस घटना की जानकारी बिल्डिंग में रह रहे लोगों को लगी तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी। वहीं युवक के पास से एक मोबाइल मिला है, जिससे युवक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। सुसाइड करने वाला युवक नशे का आदी बताया जा रहा है।
दरअसल गुस्वार सुबह करीब 7 से 8 के बीच गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित भिंड रोड पर बनी एक बिल्डिंग से युवक ने छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड करने वाला युवक का नाम अर्जुन तोमर बताया गया है, जो महाराज पुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम श्रद्धा बिहार कॉलोनी का रहने वाला है। युवक नशे का आदि है। यह भी पता चला है कि युवक के नशे की लत से घर परिवार के सभी लोग काफी परेशान है। जिसके चलते युवक को पूर्व में नशा मुक्ति केंद्र में भी रखा गया था। अभी हाल ही में युवक अर्जुन तोमर नशा मुक्ति केंद्र से अपने घर वापस आकर रह रहा था।
गत रात अर्जुन ने अपने माता-पिता के साथ खाना खाने के बाद सोने चला गया, जिसके बाद वह घर से कब निकल गया इसका किसी को कोई पता नहीं है। 
पुलिस का परिजनों के पास फोन पहुंचा तो उन्होंने बताया कि अर्जुन ने भिंड रोड स्थित एक बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया है। वहीं परिजनों का कहना है सुसाइड की कोई वजह अभी सामने नहीं आई है पर वह नशे का आदी था। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। सुसाइड से पहले का मृतक का बिल्डिंग में अंदर जाते हुए एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने इस पूरे घटना क्रम में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।