पुलिसकर्मियों हेतु डीआरपी लाईन में नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर चैकअप कैम्प का आयोजन

May 31 2023

ग्वालियर। एसपी राजेश सिंह चंदेल के निर्देश पर बुधवार को पुलिस लाईन ग्वालियर स्थित सामुदायिक भवन में महिला पुलिसकर्मियों के लिये एपैक्स डायग्नोस्टीक के सहयोग से सर्वाइकल कैंसर चैकअप कैंप का आयोजन किया गया। सर्वाइकल कैंसर चैकअप कैंप में एपैक्स डायग्नोस्टीक के स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स द्वारा लगभग 70 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों को सेमिनार में प्रेजेंटेशन द्वारा सर्वाइकल कैंसर के संबंध में  जानकारी दी गई। तद्पश्चात सेमिनार में उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों का पैप स्मीयर के द्वारा सर्वाइकल कैंसर चैकअप किया और उन्हे स्वास्थ संबंधी परामर्श दिया गया। मेडीकल कैम्प का आयोजन 31 मई बुधवार प्रात: 9 से किया गया तथा इस मेडिकल कैम्प में सर्वाइकल कैंसर की जांच विशेषज्ञों द्वारा की गई। मेडीकल कैम्प में आई 70 से अधिक महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर का चैकअप कर उनको आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। 
एसपी चंदेल ने महिला पुलिसकर्मियों के लिये नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर चैकअप कैम्प आयोजित करने के लिये एपैक्स डायग्नोस्टीक के डॉ. अदिति गुप्ता, डॉ. बीना प्रधान, डॉ. अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा अन्य स्टॉफ का आभार व्यक्त किया। एसपी चंदेल ने कहा कि ग्वालियर पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के बेहतर इलाज के लिये नि:शुल्क मेडीकल कैम्प लगातार आयोजित किये जा रहे है। विगत वर्षों में ग्वालियर पुलिस द्वारा विभिन्न संस्थाओं व हॉस्पिटलों के सहयोग से पुलिसकर्मियों के बेहतर उपचार हेतु लगातार नि:शुल्क हेल्थ कैंप पुलिस लाईन में लगाये जा रहे है, जिसका लाभ पुलिस कर्मियों व उनके परिजनों को मिल रहा है। 
उक्त सर्वाइकल कैंसर चैकअप कैम्प में प्रशिक्षु आईपीएस सुश्री विदिता ढ़ागर, डीएसपी महिला अपराध सुश्री हिना खान, रक्षित निरीक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा, सूबेदार रूमा नाज, एपैक्स डायग्नोस्टीक का स्टॉफ, तथा पुलिस लाईन एवं विभिन्न थानों से आई महिला पुलिस कर्मचारीगण उपस्थित रही।