व्यापारी व उद्योगपति बच्चों की शिक्षा में सहयोग देकर उनके भविष्य निर्माण में सहभागी बनें:डॉ. दिव्या गुप्ता

May 31 2023

ग्वालियर। बाल श्रम को हम सब मिलकर देश से समाप्त कर सकते है। इसके लिए मजबूत इच्छा शक्ति और सोच को बदलने की जरूरत है। यह बात फूड फॉर नीडी द्वारा कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एवं महाराजपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सहयोग से निजी होटल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग नई दिल्ली की सदस्य डॉ. दिव्या गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में उद्बोधन देते हुए कही।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह स्पष्ट विजन है कि देश से बाल श्रम को पूरी तरह से समाप्त करना है। कार्यक्रम संयोजक उदित चतुर्वेदी, जय संचेती, सुशील सुराना एवं मनोज चौरसिया ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एमएसएमई इन्दौर की वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी श्रीमती अनुज्ञा हंडू ने कार्य स्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीडन की रोकथाम के लिए बनाए गए पीओएसएच अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि दस से अधिक कर्मचारियों वाले प्रत्येक संस्थान में महिला कर्मचारियों की शिकायत दर्ज करने एवं उचित समाधान के लिए के लिए आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) होना अनिवार्य है। जिसमें एक महिला सदस्य होना चाहिए। यदि 10 से कम स्टाफ है वहां की महिला कर्मी जिले की लोकल कंपलेंट कमेटी को शिकायत करा सकती है।
कार्यक्रम की शुरुआत में एमआईटीएस की असिस्टेंट प्रोफ़ेसर सुश्री वर्तिका सक्सेना ने बाल श्रम के अधिनियमों के नए प्रावधानों से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे मयूर गर्ग ने फूड फॉर नीडी द्वारा समाज के जरूरतमंद वर्ग की मदद के लिए किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणी में बेहतर कार्य कर शहर का नाम रोशन करने वाले एमएसएमई उद्यमी श्रीमती कविता जैन, विनय आनंदानी, शरद मंगल एवं वरुण बंसल का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जीडी लड्ढा, संजय भार्गव, संजय कपूर, अंजली बत्रा,  सचिन गुप्ता, समर्थ दोनेरिया, मुकेश बंसल, धर्मेंद्र अग्रवाल, निधि गर्ग, निरुपमा मालपानी, जेसी गोयल, सौरभ जैन, आशीष कालानी, हर्ष संचेती, प्रतीक अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं व्यापारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का आभार प्रवीण भारद्वाज ने व्यक्त किया।