लाड़ली बहना योजना महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा करेगी : समीक्षा गुप्ता

May 29 2023

ग्वालियर। लाड़ली बहना योजना महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा करेगी और महिलाओं के सशक्तिकरण की मिसाल बनेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की योजनाओं के कारण प्रदेश की महिलाओं को संबल मिला है। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि बहनें सशत बनें। कांग्रेस के शासनकाल में महिलाओं का घर से निकलना दूभर था। लेकिन आज महिलायें बेखोफ घरों से निकल रही हैं। यह बात पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनों के सौभाग्य का उदय हुआ है। 10 जून से प्रदेश भर में पंजीकृत 1 करोड़ 25 लाख पात्र बहनों को उनके एकाउंट में हर महीने 1000 रुपये मिलने लगेंगे। इतनी बड़ी संख्या में बहनों का पंजीकरण हमारी नीतियों और हमारी नीयत माताओं-बहनों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना मेरी बहनों के जीवन में बदलाव का नया अध्याय लिखेगी। इस योजना से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार आएगा, साथ ही महिलाओं में बचत की प्रवृत्ति बढ़ेगी। लाड़ली बहना योजना महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा करेगी और उनके सशक्तिकरण की मिसाल बनेगी।
समीक्षा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। वर्ष 2017 में विशेष पिछड़ी जनजाति बेगा, सहरिया और भारिया के लिए 1000 रूपये मासिक प्रदान करने की योजना प्रारंभ की गई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 के बजट में महिला सशक्तिकरण के लिए प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कारण ही महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक एवं राजनैतिक सशक्तिकरण हुआ है।
श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने 2018 चुनाव से पहले कहा था कि प्रति सिलेंडर 100 रूपए कम किया जाएगा। इसमें भी कांग्रेस ने महिलाओं को ठगा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कॉलेज में बच्चियों को मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया गया था, लेकिन पूरा नहीं किया। कांग्रेस की सरकार ने महिला स्व सहायता समूह से रेडी टू ईट का काम छीन लिया गया। उन्होंने कहा कांग्रेस के शासनकाल महिलाओं का घर से निकलना दूभर था। 
हां मैं भी दावेदार हूं
जब पूर्व महापौर एवं भाजपा नेत्री समीक्षा गुप्ता से दक्षिण विधानसभा से टिकट के सवाल पर पूछा तो उन्होंने कहा कि पार्टी किसी को भी टिकट दे मुझे कोई दिक्कत नहीं है। हम केवल भापजा के लिए काम करेंगे। वैसे राजनीति में हर कार्यकर्ता चुनाव लडऩे की अपेक्षा रखता है। हां मैं भी दावेदार हूं, अगर संगठन जवाबदारी देगा तो मैं दक्षिण विधानसभा से चुनाव लड़ेंगी। 
पत्रकार वार्ता में प्रदेश सहमीडिया प्रभारी जवाहर प्रजापति, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती नीलिमा शिंदे, जिला महामंत्री करूणा सक्सैना, किरण लता भदौरिया, सुप्रिया गर्ग उपस्थित थीं।