यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, पहले तलाशी, फिर मिला हॉल में प्रवेश

May 28 2023

ग्वालियर। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जा रही यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के साथ भारतीय वन सेवा परीक्षा 2023 का आयोजन रविवार को शहर के कई केंद्रों पर किया गया जिसमें बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने अधिकारी बनने भाग लिया। परीक्षा दो शिफ्टों में हुई, जिसमें पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से शुरु हुई, जिसमें परीक्षार्थियों को प्रवेश से पहले कड़ी तलाशी से गुजरना पड़ा। संघ लोक सेवा आयोग के निर्देश पर परीक्षिार्थियों के जूते हॉल के बाहर उतरवा लिए गए। सख्ती का आलम ये था कि पानी की बोतल से रेपर तक खिंचवा लिए गए। पेन, एडमिटकार्ड एवं मूल आईडी कार्ड के अलावा परीक्षार्थियों को कुछ भी अंदर नहीं ले जाने दिए गया। वॉच, बेल्ट, सनग्लासेस, केैप सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइज प्रतिबंधित रहीं।
भारतीय वन सेवा परीक्षा की मुख्य परीक्षा में बैठने के लिए भी यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स पास करना होगा। दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं का प्रीलिम्स एग्जाम कॉमन रहा। सिविल सेवा परीक्षा 2023 कुल 1105 पदों पर भर्ती के लिए हुई।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र अपने साथ एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट और ऑरिजनल फोटो पहचान पत्र के साथ प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले सेंटर पर पहुंचने को कहा गया था।
परीक्षा कक्ष में प्रवेश आधा घंटे पहले 9 बजे से दिया गया। परीक्षा शुरु होने के 15 मिनट पहले गेट बंद कर किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई। पहले सत्र की परीक्षा प्रात: 9.30 बजे से शुरु होकर दोपहर 11.30 बजे तक चली जिसमें जनरल स्टडी का पेपर हुआ, वहीं दूसरा सत्र दोपहर 2.30 से अपराह्न 4.30 बजे तक रहा, जिसमें जनरल एप्टिट्यूड (सीसेट)का पेपर हुआ।
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक पेपर 200 नंबर का हुआ। इसमें 100 सवाल पूछे गए जबकि सीसैट में 80 सवाल पूछे गए। अभ्यर्थियों ने गलत जवाब दिया है तो निगेटिव मार्किंग का प्रावधान है। पास होना के लिए कम से कम 33 प्रतिशत नंबर लाने होंगे।