भदावना धाम पर श्रीमद भागवत ज्ञानयज्ञ एवं नौ कुण्डीय यज्ञ 29 मई से

May 26 2023

ग्वालियर। पुण्य सलिला नर्मदा जी के प्राकटय महोत्सव पर भदावना में श्रीमद भागवत कथा एवं ज्ञानयज्ञ एवं नौ कुण्डीय यज्ञ 29 मई से आयोजित किया गया है। इस श्रीमद भागवत कथा के कथा व्यास श्री धाम वृंदावन के श्रीमहंत श्री मदनमोहनदास जी महाराज होंगे। कथा परीक्षित चिरंजीवी स्वामी श्री गैबूदास महाराज होंगे।
उक्त जानकारी शुक्रवार को पत्रकारों को देते हुये सिद्धपीठ श्री गंगादास की बडी शाला के महंत पूरन बैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास जी महाराज ने बताया कि भदावना धाम देश के सिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल हैं। इसे सभी तीर्थो का भांजा कहा जाता है। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता है कि गंगा दशहरा के पावन पर्व पर स्वयं नर्मदा जी का भदावना में अवतरण: प्राकटयद्ध हुआ था। 
भदावना धाम के श्री महंत स्वामी गैबूदास महाराज बडे योगी भी थे। वह योग क्रिया से रोजाना मां नर्मदा जी की पूजा करने जाते थे। एक दिन अस्वस्थता के चलते जब वह विलंब से पहुंचे तो साक्षात मां नर्मदा जी ने प्रकट होकर उन्हें दर्शन दिए और कहा कि अब तुम्हारी तपस्या पूर्ण हुई अब तुम्हें यहां आने की आवश्यकता नहीं है। मैं स्वयं तुम्हारे यहां आगी। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर ऐसा ही हुआ। इसी दिन पुण्य मां नर्मदा की पवित्र धारा भदावना धाम पहुंची। कहा जाता है कि मां नर्मदा जी ने गैबूदास को पुकारा और कहा कि मैं आ गई। जब गैबूदास उठकर बाहर आये तो उनका कमण्डल और सोटा जलधारा में तैरते दिखे। उसके बाद गैबूदास महाराज ने नर्मदा जी को सांष्टांग दण्डवत किया। भदावना धाम पर नर्मदा जी की जलधारा अटूट है। आज भी गंगादशहरा, संक्रांति, सोमवती अमावश्या पर श्रद्धालु पवित्र कुण्ड में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ उठाते हैं।
उन्होंने बताया कि गंगादशहरे पर भदावना धाम में 29 मई से 5 जून तक श्रीमद भागवत ज्ञानयज्ञ एवं नौ कुण्डीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में भदावना धाम में क्षेत्रीय लगभग 45 ग्राम वासियों द्वारा सहयोग किया जा रहा है। महंत स्वामी रामसेवक दास महाराज ने बताया कि 29 मई को प्रात: आठ बजे से शाम चार बजे तक श्रीमद भागवत कथा का आयोजन होगा। पांच जून को कथा समापन यज्ञ पूर्णाहुति एवं भंडारा होगा। कथा वाचन श्री मदनमोहन दास जी महराज जो निर्मोही अखाडे के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान के साथ सातों दिन भजन संकीर्तन के कार्यक्रम भी होंगे। 
भदावना धाम के श्यामानंद सरस्वती, पुजारी परमेश्वर दास, पंजाब सिंह गुर्जर, रायसिंह गुर्जर, मोनू पंडित अमित पालिया, महेन्द्र पाठक, धर्मवीर राठौर, जितेन्द्र फैजी आदि ने सभी धार्मिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण करने का अनुरोध किया है।