आगामी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुये पुलिस लाईन में कराई बलवा ड्रिल की प्रेक्टिस

May 26 2023

ग्वालियर। चुनाव से पहले ही पुलिस ने अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है। शुक्रवार की सुबह पुलिस बलवा होने की स्थिति में उसे कैसे काबू करती है, इसकी तैयारियों के लिए बलवा ड्रिल का आयोजन पुलिस लाइन में किया गया, जिसमें एक जवान आंसू गैस का ग्रेनेड फटने से घायल हो गया। घायल जवान को उपचार के लिए भर्ती कराया है।  इस दौरान एएसपी ऋषीकेश मीणा, गजेन्द्र सिंह वर्धन, जयराज कुबेर सहित सभी अफसर और थाना प्रभारी मौजूद थे। 
पुलिस जवानों द्वारा बलवा परेड में किए गए प्रदर्शन से एसएसपी राजेश सिंह चंदेल संतुष्ट नजर आए और सभी थाना प्रभारियों को लगातार इसकी तैयारियां कराने के लिए निर्देशित किया। जिससे आवश्यकता होने पर जवान एक्शन मोड में नजर आए।
बलवा ड्रिल के दौरान दो पार्टी तैयार की गई थीं। जिसमें एक पार्टी बलवा करने वाली बनी और दूसरी पार्टी पुलिस टीम की थी, इस दौरान बलवाईयों को काबू करने के लिए पुलिस पार्टी ने आंसू गैस ग्रेनेड का इस्तेमाल किया तो ग्रेनेड ट्रैफिक जवान जन्मेजय के कंधे पर आकर फटा, जिससे उनके गर्दन के नीचे का हिस्सा घायल हो गया और खून निकलने लगा। तुरंत ही जवान को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। 
एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि आगामी चुनौतियों को देखते हुए सप्ताह में दो दिन थाने में होने वाली गणना में बलवा किट की ट्रेनिंग कराएं और समयसमय पर अपनी तैयारियों को परखें, जिससे जरूरत पडऩे पर आप इसका इस्तेमाल सही तरीके से कर सकें।
पुलिस अफसर और जवानों को संबोधित करते हुए एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि बलवा से निपटने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली किट फोटो खिंचवाने के लिए नहीं होती, बल्कि जीवन रक्षक है। कई बार ऐसी स्थिति बनती है कि यह किट ही आपकी जान को बचाती है। अगर किट से सुसजित हैं तो आपको बलवाइयों से बचने के लिए किसी पेड़, वाहन या दीवार की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि किट का सही इस्तेमाल आपको हर परेशानी से बचा सकता है। 
परेड के उपरान्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के द्वारा पुलिस लाईन ग्वालियर में बलवा ड्रिल का प्रशिक्षण देने के लिये बुलबाये गये सेकेंड बटालियन के प्रशिक्षित एसएएफ के अधिकारी कर्मचारियों को घडी, डायरी व पैन स्टेंड देकर सम्मानित किया गया। आगामी चुनावो को दृष्टिगत रखते हुये आगे भी इस प्रकार का पुलिस लाइन ग्वालियर में बलवा ड्रिल का अभ्यास निरंतर कराया जायेगा।
शुक्रवार को साप्ताहिक परेड में एएसपी क्राईम ऋषिकेश मीणा, गजेन्द्र सिंह वर्धमान, जयराज कुबेर, सीएसपी षियाज केएम, विनायक शुक्ला, डीएसपी लाइन विजय भदौरिया, नरेश बाबू अन्नोटिया, बैजनाथ प्रजापित एवं सूबेदार श्रीमती रूमानाज सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहें।