पुलिस ने अल्ट्राटेक कंम्पनी का नकली सीमेंट बेचने वाले 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

May 25 2023

ग्वालियर। एसपी राजेश सिंह चंदेल के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध कारोबार करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। ग्वालियर पुलिस को फरियादी सुदर्शन शर्मा अल्ट्राटेक कंम्पनी के मैनेजर द्वारा शिकायत की गई कि मुझे बाजार सर्वे से पता चला कि हमारी कंम्पनी के नाम से नकली अल्ट्राटेक सीमेंट थाना पुरानी छावनी क्षेत्र में बेची जा रही है। उक्त सूचना पर से एसपी चंदेल द्वारा एएसपी क्राईम राजेश डण्डोतिया व ऋषिकेश मीणा को थाना पुरानी छावनी व क्राईम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाकर उक्त सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच अमरसिंह सिकरवार व थाना प्रभारी पुरानी छावनी मिर्जा आसिफ बेग के नेतृत्व में क्राईम ब्रांच व थाना पुरानी छावनी की सयुक्त टीम को उक्त सूचना की पतारसी कर कार्यवाही हेतु लगाया गया। 
पुलिस टीम को जांच में पता चला कि एक नीले रंग की थ्री व्हीलर आपे क्रमांक एमपी07एल7242 अल्ट्राटेक कंम्पनी का नकली सीमेंट लेकर पुरानी छावनी आने वाली है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा पुरानी छावनी अटल गेट के पास चैकिंग प्रारंम्भ की गई। चैकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक नील रंग आपे क्रमांक क्रमांक एमपी07एल7242 आती हुई दिखी। जिसे पुलिस द्वारा रोककर चैक किया तो उसमें अल्ट्राटेक कंम्पनी के नाम से 30 सीमेंट की बोरिया रखी हुई मिली। 
वाहन ड्रायवर से नाम पता पूछने पर उसने खुद को ग्राम कल्यानपुरा गोरमी जिला भिंड हाल निवासी चार शहर का नाका हजीरा ग्वालियर का रहने वाला बताया। पुलिस टीम द्वारा जब ड्रायवर से उक्त सीमेंट को लाने व ले जाने का वैध बिल मांगा गया तो ड्रायवर द्वारा बिल न होना बताया। पुलिस द्वारा फरियादी अल्ट्राटेक कंम्पनी के मैनेजर को बुलबाकर सीमेंट का भौतिक सत्यापन कराया तो उक्त 30 बोरियो की सिलाई, प्रिटिंग व सीमेंट का रंग असली अल्ट्राटेक कंम्पनी की सीमेंट से भिन्न पाया गया एंव बताया गया कि उक्त सीमेंट नकली है। 
जिस पर पुलिस द्वारा उक्त वाहन चालक को हिरासत में लेकर उक्त वाहन व 30 बोरी सीमेंट को जप्त कर थाना पुरानी छावनी लाया गया। पकडे गये वाहन चालक से सीमेंट के सबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह जलालपुरा चौराहे स्थित वैष्णौ देवी एजेंसी से लेकर आ रहा था। वाहन चालक की निशांदेही पर पुलिस टीम द्वारा जलालपुरा चौराहे स्थित वैष्णौ देवी एजेंसी से उसके संचालक को पकड कर थाना पुरानी छावनी सुपुर्द किया गया। पकडे गये वाहन चालक व एजेंसी मालिक के खिलाफ थाना पुरानी छावनी में कॉपीराइट एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।