टायर फटने से बारातियों से भरी लोडिंग गाड़ी पलटी,12 से ज्यादा लोग घायल

May 23 2023

ग्वालियर। जिले के डबरा क्षेत्र में मंगलवार को बारातियों से भरा एक लोडिंग वाहन पलट गया। हादसा पिछोर क्षेत्र के जनकपुर के पास हुआ। उसमें सवार 12 से अधिक बाराती घायल हो गए। घायलों को तत्काल डबरा सिविल अस्पताल लाया गया। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। घायल अशोकनगर जिले के मुंगावली के निवासी हैं। सभी पिछोर क्षेत्र में एक शादी समारोह में आए थे।
मुंगावली निवासी महेश आदिवासी की बारात डबरा अनुविभाग के देवगढ़ आदिवासी सफाई पर आई हुई थी। इसमें कई बाराती दूरदराज से भी शामिल हुए थे। मंगलवार को विदाई के बाद मुंगावली निवासी धारा आदिवासी, मातादीन, प्रीतम, राकेश, द्वारिका, रमेश, हंसु, हरगोविंद, सत्यदीप, प्रकाश निवासी बाजना झांसी, सुघर सिंह मुंगावली, आसाराम, गोपाल, प्रेमा रतनपुरा बबीना, लक्ष्मण आदिवासी एक लोडिंग वाहन में सवार होकर वापस जा रहे थे।
इसी दौरान ड्राइवर काफी तेज गति से गाड़ी चला रहा था। वह शराब के नशे में था और गाड़ी काफी तेज थी। लोगों ने उसे काफी समझाया भी पर वह नहीं माना। अचानक जनकपुर के पास आकर गाड़ी का टायर फट गया। जिससे गाड़ी बीच सडक़ पर पलट गई। हादसे में करीब 15 के लगभग लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल पिछोर पुलिस द्वारा डबरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। जहां घायलों को उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है।