अखंड पाठ साहब के साथ शहीदी पर्व को समर्पित समागम शुरू

May 21 2023

ग्वालियर। गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस को समर्पित तीन दिवसीय समागम गुरुद्वारा फूलबाग में रविवार से शुरु हुआ। समागम 21 से 23 मई तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 9 बजे अखंड पाठ साहिब की स्थापना हुई। उसके बाद फूलबाग गुरुद्वारा के कथा वाचक जतिंदर सिहं ने गुरु अर्जन देव की शाहदत के बारे में प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि ज्येष्ठ मास की चतुर्थी को सन् 1606 में उन्होंने बलिदान दिया था। इस साल 23 मई को गुरु अर्जन देव का शहादत दिवस है। गुरु अर्जन देव गुरु परंपरा का पालन करते हुए कभी भी गलत चीजों के आगे नहीं झुके। उन्होंने शरणागत की रक्षा के लिए स्वयं को बलिदान कर देना स्वीकार किया, लेकिन मुगल बादशाह के आगे झुके नहीं। उनसे ही सिख धर्म में बलिदान की परंपरा का आगाज हुआ।
गुरुद्वारा फूलबाग के प्रधान एचएस कोचर, सचिव कृपाल सिंह एवं मैनेजर बलजीत सिंह ने बताया कि इस अवसर पर सोमवार 22 मई को सायं 7 बजे से रात्रि 10.30 बजे दीवान सजेगा, जिसमें रागी जत्थे कीर्तन एवं कथाकार कथा करेंगे। कीर्तन दरबार में पंजाब से आए प्रदीप सिंह, गुरदयाल सिंह खंडूर साहिब वाले एवं जसप्रीत सिहं फूलबाग वाले कीर्तन कर गुरु की महिमा का बखान करेंगे। कथा वाचक जतिंदर सिहं व गुरजंट सिंह फोर्ट स्थित गुरुद्वारा दाताबंदी छोड़ वाले गुरुअर्जन देव के जीवन पर प्रकाश डालेंगे। 
23 मई को प्रात: 8.30 अखंड पाठ साहब का भोग लगेगा एवं आरती व कीर्तन होगा जो सुबह 9.30 बजे तक चलेगा। सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक ऊपर नये हाल मे कीर्तन दरबार सजाया जाएगा, जिसके साथ लंगर चलेगा। इस अवसर पर गुरुद्वारे के बाहर ठंडे मीठे जल की छबील लगाकर आमजन को शर्बत का वितरण किया जाएगा।